आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हम अक्सर स्वाद के चक्कर में सेहत से समझौता कर लेते हैं। सुबह के वक्त समझ नहीं आता कि ऐसा क्या खाएं जो पेट भी भर दे और शरीर को जरूरी पोषण भी दे। ऐसे में रागी एक 'सुपरफूड' के रूप में हमारी रसोई का हिस्सा बन सकती है। कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर रागी न केवल वजन घटाने में मददगार है, बल्कि डायबिटीज के मरीजों के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं है।
सुबह के नाश्ते के लिए रागी इडली
अगर आप नाश्ते में कुछ हल्का और पौष्टिक खाना चाहते हैं, तो रागी इडली एक बहुत ही अच्छा विकल्प है। इसे बनाना भी काफी आसान है। सबसे पहले आपको एक कप रागी का आटा, एक कप इडली वाले चावल और आधा कप उड़द दाल की जरूरत होगी।
दाल और मेथी दानों को एक साथ और चावल को अलग बर्तन में करीब 4-5 घंटे के लिए भिगो दें। इसके बाद दाल को बारीक पीस लें और चावल को थोड़ा दरदरा रखें। अब इसमें रागी का आटा और नमक मिलाकर एक गाढ़ा घोल तैयार कर लें। इस घोल को रात भर के लिए किसी गर्म जगह पर फर्मेंट होने के लिए रख दें। अगले दिन इडली स्टैंड को ग्रीस करें और 10-12 मिनट तक भाप में पकाएं। आपकी नरम और फूली हुई रागी इडली तैयार है।
![]()
साथ में हो चटपटा सांभर
इडली का असली मजा तो गरमा-गरम सांभर के साथ ही आता है। इसे बनाने के लिए आधा कप अरहर दाल को हल्दी और नमक के साथ कुकर में पका लें। एक अलग कड़ाही में अपनी पसंद की सब्जियां जैसे सहजन, कद्दू, गाजर और बैंगन को उबाल लें। जब सब्जियां नरम हो जाएं, तो उसमें उबली हुई दाल, इमली का गूदा और सांभर मसाला मिलाएं। अंत में राई, करी पत्ता, सूखी लाल मिर्च और हींग का तड़का लगाएं। बस, आपका खुशबूदार सांभर तैयार है।
![]()
सेहत के लिए क्यों है जरूरी?
रागी इडली खाने के कई फायदे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि रागी प्राकृतिक रूप से ग्लूटेन-फ्री होती है, जो हमारे पाचन तंत्र के लिए बहुत अच्छी मानी जाती है। इसमें दूध से भी ज्यादा कैल्शियम होता है, जो बच्चों और बुजुर्गों की हड्डियों को मजबूती देता है। साथ ही, इसमें मौजूद फाइबर आपको काफी देर तक भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे आप फालतू कैलोरी लेने से बच जाते हैं और आपका शुगर लेवल भी कंट्रोल में रहता है।
एक सेहतमंद जीवन की शुरुआत एक अच्छे नाश्ते से होती है। रागी इडली और सांभर न सिर्फ आपके स्वाद को संतुष्ट करते हैं, बल्कि आपको दिनभर ऊर्जावान बनाए रखने में भी मदद करते हैं। तो अगली बार जब आप कुछ नया ट्राई करना चाहें, तो इस पारंपरिक और हेल्दी रेसिपी को जरूर आज़माएं। यह आपकी डाइट को संतुलित रखने का एक स्वादिष्ट तरीका है।
यह भी पढ़ें: क्या आप जानते हैं मील के पत्थरों के रंगों का मतलब ? सफर के दौरान बड़े काम आती है ये जानकारी







