उत्तर प्रदेश में रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए Yogi Adityanath सरकार ने 40 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस बदलाव के तहत 15 जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को भी बदला गया है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में नई गति लाने की कोशिश की गई है।


तबादलों के तहत विशेष सचिव ऊर्जा इंद्रजीत सिंह को सुलतानपुर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि सुलतानपुर के डीएम कुमार हर्ष को बुलंदशहर का नया डीएम बनाया गया है। इसी क्रम में निदेशक बाल विकास एवं पुष्टाहार सरनीत कौर ब्रोका को रायबरेली की कमान सौंपी गई है। अमरोहा की डीएम निधि गुप्ता वत्स को फतेहपुर, हमीरपुर के डीएम घनश्याम मीणा को उन्नाव और मैनपुरी के डीएम अंजनी कुमार सिंह को लखीमपुर खीरी का जिलाधिकारी बनाया गया है।
इसके अलावा औरैया के डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी को मैनपुरी भेजा गया है, जबकि मुख्यमंत्री के विशेष सचिव बृजेश कुमार को औरैया का डीएम नियुक्त किया गया है। सहारनपुर के डीएम मनीष बंसल को आगरा का जिलाधिकारी बनाया गया है, वहीं आगरा के डीएम अरविंद मल्लप्पा बांगरी को मुख्यमंत्री का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है।
यह प्रशासनिक बदलाव सुलतानपुर, श्रावस्ती, बुलंदशहर, शामली, सहारनपुर, अमरोहा, हमीरपुर, रायबरेली, फतेहपुर, उन्नाव, लखीमपुर खीरी, मैनपुरी, औरैया और आगरा सहित 15 जिलों में किया गया है। इसके साथ ही अन्य महत्वपूर्ण पदों पर भी बदलाव किए गए हैं। दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम, आगरा के प्रबंध निदेशक नीतीश कुमार को उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है, जबकि प्रतीक्षारत आईएएस आशुतोष निरंजन को परिवहन आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यह भी पढ़ें: बैलेंस खत्म, फिर भी राहत: 3 दिन तक नहीं कटेगी बिजली, 5 अलर्ट के बाद ही होगा एक्शन







