लखनऊ — प्रदेश के वित्तमंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था निरंतर मजबूती की ओर बढ़ रही है। सितम्बर 2025 में सरकार के मुख्य कर एवं करेतर राजस्व मदों से कुल ₹15,237.44 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो पिछले वर्ष के ₹14,747.93 करोड़ की तुलना में ₹489.51 करोड़ अधिक है। यह आंकड़ा सरकार के राजस्व संग्रह में सुधार और आर्थिक प्रबंधन की पारदर्शिता को दर्शाता है।
वित्तमंत्री ने कहा कि राज्य की राजस्व वृद्धि कई प्रमुख स्रोतों से आई है। वैट से ₹2,369.45 करोड़, आबकारी विभाग से ₹3,811.70 करोड़, स्टाम्प एवं निबंधन से ₹2,516.95 करोड़ और परिवहन विभाग से ₹745.78 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। वहीं, भू-तत्व एवं खनिकर्म विभाग से ₹183.01 करोड़ की प्राप्ति हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार राजस्व संग्रह बढ़ाने और आर्थिक स्थिरता बनाए रखने की दिशा में काम कर रही है।
सुरेश कुमार खन्ना ने बताया कि यह वृद्धि प्रदेश की मजबूत अर्थव्यवस्था और सुशासित वित्तीय प्रबंधन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार पारदर्शी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से आर्थिक ढांचे को सुदृढ़ कर रही है। वित्त मंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले महीनों में राजस्व संग्रह और भी अधिक बढ़ेगा तथा राज्य वित्तीय आत्मनिर्भरता की दिशा में और मजबूती से आगे बढ़ेगा।