गाजीपुर — कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने शनिवार को योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जीएसटी सुधारों के नाम पर केंद्र और राज्य सरकार जनता को भ्रमित कर रही है। गाजीपुर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में अजय राय ने कहा कि जीएसटी में सुधार के बजाय धोखाधड़ी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कपड़ों पर कम और धागे पर ज्यादा टैक्स लगाया है, जिससे बुनकरों और छोटे उद्योगों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसी तरह कॉपी-किताबों पर टैक्स घटाया गया है, लेकिन कागज पर टैक्स बढ़ाकर जनता पर अप्रत्यक्ष बोझ डाला गया है।
अजय राय ने कहा कि सरकार और भाजपा कार्यकर्ता जनता के दुख-दर्द से अनजान होकर जश्न मना रहे हैं। उन्होंने कहा, “जनता नहीं, सिर्फ भाजपा खुशियां मना रही है। जनता महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के बोझ से कराह रही है।” कांग्रेस नेता ने आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए उसे भाजपा की “बी टीम” बताया और कहा कि विपक्ष की एकता को कमजोर करने का काम आप पार्टी कर रही है।
बरेली बवाल पर अजय राय ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह सब जनता के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की साजिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार योजनाबद्ध तरीके से ऐसे विवाद पैदा कर रही है ताकि बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा जैसे वास्तविक मुद्दे चर्चा से बाहर रहें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनता को भ्रमित करने और ठगने का काम कर रहे हैं। अजय राय ने कहा कि कांग्रेस जनता के बीच जाकर सच्चाई उजागर करेगी और बीजेपी के झूठ का पर्दाफाश करेगी।







