UP Textile News : उत्तर प्रदेश के हथकरघा और वस्त्रोद्योग सेक्टर को एक नई पहचान देने और राज्य को देश का टेक्सटाइल हब बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में दो दिवसीय ‘यूपी टेक्स-2026’ (UP TEX-2026) का भव्य आगाज हो गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस खास कॉन्क्लेव का उद्घाटन किया। भारत टैक्स की तर्ज पर आयोजित इस पहली यूपी टेक्सटाइल कॉन्क्लेव में देश-विदेश के दिग्गज उद्योगपतियों, निवेशकों और नीति निर्माताओं ने भाग लिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश में निवेश बढ़ाना, नए रोजगार पैदा करना और बुनकरों को वैश्विक मंच प्रदान करना है।
यूपी टेक्स-2026 का उद्देश्य और नई नीतियां
उत्तर प्रदेश में वर्तमान में 2 लाख से अधिक हथकरघा बुनकर हैं, जिनका देश के कुल टेक्सटाइल निर्यात में बहुत बड़ा योगदान है। इस कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बताया कि सरकार वस्त्र उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
वर्ष 2017 और 2022 की वस्त्रोद्योग नीतियों के तहत अब तक 116 निवेशकों को लगभग 316 करोड़ रुपये का इंसेंटिव दिया जा चुका है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि उद्योग जगत से मिलने वाले सभी सकारात्मक सुझावों को 2027 के बाद आने वाली नई नीति में शामिल किया जाएगा। इसके अलावा, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मेलों में भाग लेने वाले उद्यमियों को 90 फीसदी तक की सब्सिडी दी जा रही है।
टेक्सटाइल पार्कों का निर्माण और 5354 करोड़ के प्रस्ताव
यूपी टेक्स-2026 के पहले ही दिन राज्य को वस्त्र निर्माण के क्षेत्र में बड़ी सफलता मिली है। कॉन्क्लेव में 5,354 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
संत कबीर टेक्सटाइल पार्क योजना के तहत राज्य में 10 नए टेक्सटाइल पार्क बनाए जाने हैं, जिनमें से अमरोहा और बरेली समेत पांच स्थानों पर काम शुरू हो चुका है। सरकार की योजना यूपी में ही टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग पार्क स्थापित करने की है, ताकि बाहर से आयात की जाने वाली मशीनों का निर्माण अपने ही राज्य में हो सके।
MORE READ : Lucknow Weather : राजधानी में झमाझम बारिश, मौसम विभाग ने जारी किया यलो अलर्ट
उद्योगपतियों का भरोसा और यूपी में निवेश की संभावनाएं
इस कॉन्क्लेव में शामिल हुए देश के प्रमुख उद्योगपतियों ने उत्तर प्रदेश के सुरक्षित माहौल और इंफ्रास्ट्रक्चर की खुलकर तारीफ की।
-
रामकी ग्रुप का बड़ा ऐलान: रामकी ग्रुप के पूर्व चेयरमैन अल्ला अयोध्या रामी रेड्डी ने कहा कि सीएम योगी के नेतृत्व में यूपी में कानून-व्यवस्था का बेहतरीन माहौल है, जिससे निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े निवेश की घोषणा की।
-
टेक्सटाइल इंडस्ट्री का विकास: ऐडवे टेक्सटाइल के चेयरमैन रवि सैम ने कहा कि यूपी फिलहाल 3.69 अरब डॉलर का टेक्सटाइल एक्सपोर्ट करता है, जो देश के कुल निर्यात का 10 प्रतिशत है। यूपी के पास बनारसी साड़ी, भदोही के कालीन और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत जैसी अपार संभावनाएं हैं।
-
टेक्निकल टेक्सटाइल और मशीनरी पार्क: एमकेयू के मनोज गुप्ता ने रक्षा और एयरोस्पेस के लिए टेक्निकल टेक्सटाइल को बढ़ावा देने का सुझाव दिया। वहीं, लक्ष्मी लूम्स के केतन सांघवी ने कानपुर में टेक्सटाइल मशीनरी पार्क स्थापित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे मशीनों के आयात पर निर्भरता कम हो सके।







