UP Labour Scheme : उत्तर प्रदेश में सर्दी के मौसम में निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को राहत देने के लिए योगी सरकार ने खास व्यवस्था की है। अब प्रदेश के 18 जिलों में अस्थायी लेबर अड्डे खोले जाएंगे। यहां काम की तलाश में आने वाले मजदूरों को मुफ्त रहने और खाने की सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि इन केंद्रों पर मजदूरों को रजिस्ट्रेशन के बिना भी लाभ मिल सकेगा। श्रम विभाग की डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत यह व्यवस्था 1 दिसंबर 2026 से 31 जनवरी 2027 तक चलेगी। इन केंद्रों पर बिस्तर, गद्दा, कंबल, स्वच्छ पानी और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। सरकार का उद्देश्य है कि कड़ाके की ठंड में किसी भी श्रमिक को खुले आसमान के नीचे रात न बितानी पड़े।
18 जिलों में बनाए जाएंगे अस्थायी लेबर अड्डे
सर्दियों में दूसरे जिलों और राज्यों से काम की तलाश में आने वाले मजदूरों को अक्सर रहने की परेशानी होती है। कई श्रमिक रेलवे स्टेशन, बस अड्डों या निर्माण स्थलों के आसपास खुले में रात बिताने को मजबूर होते हैं। इसी समस्या को देखते हुए प्रदेश सरकार ने 18 जिलों में अस्थायी श्रमिक सुविधा केंद्र खोलने का फैसला किया है। श्रम विभाग की ओर से जारी निर्देशों के मुताबिक, इन केंद्रों को श्रमिकों की संख्या और जरूरत के हिसाब से तैयार किया जाएगा। इसके लिए 30 और 60 बिस्तरों की क्षमता वाले केंद्र बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर एक ही जिले में एक से अधिक लेबर अड्डे भी खोले जा सकेंगे।
रेलवे स्टेशन और बस अड्डों के पास मिलेगी सुविधा
श्रमिकों को आसानी से इन केंद्रों तक पहुंचाने के लिए इन्हें ऐसी जगहों पर स्थापित किया जाएगा, जहां मजदूरों की आवाजाही ज्यादा रहती है। इसके लिए रेलवे स्टेशन, बस अड्डों, श्रमिक मंडियों, औद्योगिक क्षेत्रों और निर्माण स्थलों के आसपास जगह चुनी जाएगी। इन केंद्रों पर मजदूरों के लिए बिस्तर, गद्दा, चादर, तकिया और कंबल की व्यवस्था होगी। इसके अलावा स्वच्छ पेयजल, शौचालय, स्नानघर, रोशनी और हवा की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। ठंड से बचाव के लिए जरूरत के अनुसार सुरक्षित हीटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
महिला और पुरुष श्रमिकों के ठहरने के लिए अलग-अलग व्यवस्था होगी। केंद्रों की देखरेख के लिए केयरटेकर और चौकीदार भी तैनात किए जाएंगे।
मजदूरों को मुफ्त भोजन के लिए मिलेगा 70 रुपये तक का बजट
लेबर अड्डों पर केवल रहने की सुविधा ही नहीं मिलेगी, बल्कि श्रमिकों को प्रतिदिन एक समय का मुफ्त भोजन भी दिया जाएगा।
श्रम विभाग के निर्देशों के अनुसार, पौष्टिक और गुणवत्तापूर्ण भोजन पर प्रति श्रमिक अधिकतम 70 रुपये खर्च किए जा सकेंगे। दो महीने तक इन केंद्रों के संचालन के लिए भी बजट निर्धारित किया गया है। भोजन वितरण और केंद्रों पर मौजूद श्रमिकों की संख्या का रिकॉर्ड रखा जाएगा। इसके लिए दैनिक उपस्थिति पंजिका और जियो-टैग तस्वीरों के माध्यम से सत्यापन किया जाएगा।
बिना रजिस्ट्रेशन के भी उठा सकेंगे योजना का लाभ
इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसका लाभ लेने के लिए श्रम विभाग में पहले से पंजीकरण कराना अनिवार्य नहीं होगा। राजमिस्त्री, बेलदार, बढ़ई, प्लंबर, पेंटर, इलेक्ट्रीशियन, लोहार और टाइल्स लगाने वाले श्रमिक इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इसके अलावा काम की तलाश में दूसरे जिलों या राज्यों से आने वाले प्रवासी मजदूर भी इन केंद्रों में ठहर सकेंगे। इसके लिए श्रमिकों को अपना पहचान पत्र दिखाना होगा। खास बात यह है कि इन श्रमिक सुविधा केंद्रों पर नए श्रमिकों के पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
1 दिसंबर से 31 जनवरी तक मिलेगी सुविधा
डॉ. भीमराव आंबेडकर श्रमिक सुविधा केंद्र योजना के तहत यह व्यवस्था दो महीने तक संचालित होगी। इसके लिए अपर मुख्य सचिव (श्रम) डॉ. आशीष कुमार गोयल ने सभी संबंधित जिलाधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं। सरकार की इस पहल से सर्दियों में काम की तलाश में आने वाले निर्माण श्रमिकों और प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर उन मजदूरों को इसका फायदा होगा, जिन्हें रोजाना काम की तलाश में अलग-अलग जगहों पर जाना पड़ता है और रात गुजारने के लिए सुरक्षित जगह नहीं मिल पाती।







