UP Flood Alert: हमारे पड़ोसी देश नेपाल में आई कुदरत की तबाही ने अब भारत के सीमावर्ती राज्यों की चिंता बढ़ा दी है। नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी के उफान से आई भीषण बाढ़ को लेकर उत्तर प्रदेश और बिहार में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर गहरा दुख जताते हुए सीमावर्ती जिलों में प्रशासनिक अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के सख्त निर्देश दिए हैं।
नेपाल में तबाही के बाद यूपी के जिलों में निर्देश
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा कि नेपाल में आई बाढ़ से हुई क्षति बेहद चिंताजनक है। इसके प्रभाव से यूपी के महराजगंज और कुशीनगर जिलों में गंडक और नारायणी नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है। इसे देखते हुए स्थानीय प्रशासन को पूरी सतर्कता बरतने, राहत शिविर तैयार रखने और तटीय इलाकों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
सैलाब में बहे पुल और सड़कें, 100 से ज्यादा भारतीय लापता
तिब्बत के रास्ते आई इस प्रलयंकारी बाढ़ ने नेपाल के कई शहरों और गांवों को जलमग्न कर दिया है। नदियां अपने पूरे उफान पर हैं, जिससे मजबूत पुल, सड़कें और गाड़ियां पानी के तेज बहाव में बह गईं। हालात इतने खराब हैं कि नेपाल सरकार ने भारत और चीन दोनों देशों से आपातकालीन मदद मांगी है। इस आपदा में 100 से अधिक भारतीय पर्यटकों के भी लापता होने की खबर है, जिनकी तलाश के लिए नेपाली सेना लगातार अभियान चला रही है।
बिहार के कई जिलों में अलर्ट घोषित
नेपाल से सटने के कारण बिहार पर भी इस बाढ़ का सीधा असर देखने को मिल रहा है। बिहार के मुख्य सचिव ने एक हाई-लेवल मीटिंग बुलाकर बेतिया, मोतिहारी, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली और सीतामढ़ी जैसे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने को कहा है। नदी किनारे बसे गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सावधान किया जा रहा है ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
यह भी पढ़ें: प्रयागराज से हरिद्वार तक होगा सीधा कनेक्शन, लंबाई बढ़कर 724 KM







