प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज नई दिल्ली में महिला एवं बाल विकास पर आयोजित 2 दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन (Women and Child Development Summit) के समापन सत्र में शामिल होंगे। PM Modi शाम करीब साढ़े चार बजे सुषमा स्वराज भवन पहुंचेंगे और इस अवसर पर सम्मेलन को संबोधित भी करेंगे। 8 और 9 अक्टूबर को आयोजित इस सम्मेलन में विभिन्न राज्यों के राजनीतिक नेतृत्व और महिला एवं बाल विकास विभाग के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा ले रहे हैं।
इस शिखर सम्मेलन का मकसद सिर्फ योजनाओं पर चर्चा करना नहीं, बल्कि महिलाओं और बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में ठोस कदम उठाना भी है। पोषण, बच्चों की शुरुआती शिक्षा, बाल संरक्षण, महिलाओं की सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। साथ ही केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर तालमेल बनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर भी जोर रहेगा।
क्योंकि एक सशक्त महिला ही सशक्त परिवार की नींव रखती है और सुरक्षित, स्वस्थ और शिक्षित बचपन ही विकसित भारत के सपने को मजबूती देता है। अब देखना होगा कि इस मंथन से महिलाओं और बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कौन से ठोस कदम सामने आते हैं ।
प्रधानमंत्री की परिकल्पना के अनुरूप आयोजित किए जा रहे विभागीय शिखर सम्मेलनों की श्रृंखला में यह दूसरा सम्मेलन है। इस 2 दिवसीय सम्मेलन में 4 प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
महिला एवं बाल विकास सम्मेलन में किन मुद्दों पर फोकस?
इस 2 दिवसीय सम्मेलन में चार प्रमुख विषयों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है
पहला — पोषण, जिसके तहत बच्चों और महिलाओं के पोषण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जा रही है
दूसरा — प्रारंभिक शिक्षा, ताकि बच्चों के शुरुआती विकास और सीखने की प्रक्रिया को बेहतर बनाया जा सके
तीसरा — बाल संरक्षण, जिसमें बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े विषय अहम हैं
चौथा — महिलाओं की सुरक्षा एवं सशक्तीकरण से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया जा रहा है