Kota Road Accident : राजस्थान के कोटा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे नाले में जा गिरी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के करीब 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 15 से ज्यादा यात्री घायल हुए हैं। सभी श्रद्धालु भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे।
यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे कोटा के सीमलिया थाना क्षेत्र में हुआ। बताया जा रहा है कि टेंपो ट्रैवलर में 25 से ज्यादा लोग सवार थे। अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और नाले के ऊपर बने पुल से टकराने के बाद नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू किया।
पुल से 15 फीट नीचे गिरी टेंपो ट्रैवलर
हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में भी परेशानी आई। पुलिस और एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल यात्रियों को आईसीयू में भर्ती कर इलाज दिया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, सभी यात्री खाटूश्यामजी के दर्शन के लिए जा रहे थे। वे अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन एक-दूसरे को जानते थे। कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा के मुताबिक, हादसे में करीब 8 लोगों की मौत हुई और 15 से अधिक यात्री घायल हुए। यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी दुर्घटना में घायल हुआ है। उसका इलाज कोटा मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
चालक को नींद आने से हादसे की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि वाहन चलाते समय चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसके कारण टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि, हादसे की असली वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज पर नजर रखी जा रही है और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है।
कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया के अनुसार, घायलों का इलाज किया जा रहा है। गंभीर स्थिति वाले यात्रियों को आईसीयू में रखा गया है। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।