India China Border : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर अरुणाचल प्रदेश पहुंचे हैं। रविवार को यात्रा के दूसरे दिन उन्होंने एक सहकारिता सम्मेलन को संबोधित किया। इस दौरान अमित शाह ने कहा कि चीन सीमा से लगे अरुणाचल प्रदेश के 40 गांवों में अब आबादी बढ़ रही है और लोगों का पलायन रुक गया है। उनके मुताबिक, केंद्र सरकार की ओर से रोजगार, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों से सीमावर्ती गांवों में बदलाव देखने को मिल रहा है।
चीन सीमा से लगे 40 गांवों में बढ़ी आबादी
अमित शाह ने कहा कि उन्होंने हाल ही में इन गांवों में विकास कार्यों की समीक्षा की है। उन्हें खुशी है कि चीन सीमा से लगे सभी 40 गांवों में लोग वापस लौट रहे हैं और वहां की आबादी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि इन गांवों में बिजली, रोजगार और स्वास्थ्य सुविधाओं पर काम किया गया है। साथ ही पहाड़ी चोटियों तक पेयजल पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है। गृह मंत्री ने कहा कि सीमावर्ती गांवों में स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) को भी स्थानीय सहकारी समितियों से जरूरी सामान खरीदने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गांवों और सुरक्षा बलों के बीच संपर्क और मजबूत हुआ है।
महिलाओं की सहकारी समितियों से मिल रहा रोजगार
अमित शाह ने बताया कि अरुणाचल प्रदेश की महिलाएं सहकारी समितियों के माध्यम से डेयरी उत्पाद, अंडे, सब्जियां, मोटे अनाज और आटा उपलब्ध करा रही हैं। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आय के अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था से ग्रामीण परिवारों की आर्थिक स्थिति में सुधार के साथ स्थानीय कृषि को भी बढ़ावा मिल रहा है। शाह के मुताबिक, सरकार की प्राथमिकताओं में सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं और हर परिवार की समृद्धि शामिल है।
सीमावर्ती गांवों को बताया देश का पहला गांव
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विचार का जिक्र किया, जिसमें सीमावर्ती गांवों को देश का आखिरी गांव नहीं, बल्कि पहला गांव माना गया है। उन्होंने कहा कि अरुणाचल प्रदेश के विकास के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई है। भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास का रोडमैप तैयार किया गया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और उन्होंने उन क्षेत्रों की जरूरतों को भी नोट किया है, जहां केंद्र सरकार की सहायता आवश्यक है।
शाह ने मुख्यमंत्री पेमा खांडू और उपमुख्यमंत्री को भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार अरुणाचल प्रदेश के विकास के लिए हर संभव सहयोग उपलब्ध कराएगी।
11 सीमावर्ती जिलों में 110.95 करोड़ की परियोजनाएं शुरू
अमित शाह ने वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम के तहत अरुणाचल प्रदेश के 11 सीमावर्ती जिलों में 110.95 करोड़ रुपये की लागत वाली 199 विकास परियोजनाओं की शुरुआत की। इस दौरान सीमावर्ती गांवों के लिए मोबाइल मेडिकल यूनिट्स को भी रवाना किया गया। इसके साथ ही गृह मंत्री ने ‘अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेटिव विजन 2047’ का अनावरण किया। यह दस्तावेज आने वाले वर्षों में राज्य की सहकारी समितियों के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करता है। इन पहलों के जरिए सीमावर्ती गांवों में स्वास्थ्य सेवाओं, स्थानीय रोजगार और सहकारी गतिविधियों को बढ़ावा देने पर जोर दिया जा रहा है।

