हापुड़ के थाना कपूरपुर क्षेत्र में पुलिस और गौकशी करने वाले अपराधियों के बीच मुठभेड़ में 50 हजार रुपए के इनामी अपराधी हसीन ढे़र हो गया। पुलिस को गोकशी की सूचना मिली थी और सूचना मिलते ही इलाके की घेराबंदी की गई। हसीन ने पुलिस पर गोली चलाई, जिसका पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में जवाब दिया। मुठभेड़ स्थल से एक अवैध पिस्टल और कार भी बरामद हुई। हसीन पर कई गंभीर आपराधिक मामले पहले से दर्ज थे।
हापुड़ जिले के थाना कपूरपुर क्षेत्र में पुलिस की सतर्कता और तत्परता ने एक बार फिर से गौकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को सफलता दिलाई है। रविवार रात को गोकशी की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी हिस्ट्रीशीटर हसीन की मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डायल-112 पर सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी प्रतिबंधित पशुओं को एकत्रित कर तस्करी के लिए ले जाने की योजना बना रहे हैं। इस सूचना पर थाना कपूरपुर प्रभारी निरीक्षक विनोद पांडेय की अगुवाई में पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर दी। खुद को घिरा देख कार सवार बदमाश ने पुलिस पर जान से मारने के इरादे से फायरिंग शुरू कर दी। जिस पर पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। मुठभेड़ में हसीन घायल हो गया और उसे प्राथमिक उपचार के लिए सीएससी धौलाना ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे उच्च केंद्र रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़े: गुजरात एटीएस की बड़ी कार्रवाई: तीन संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार, आईएसआईएस और अल-कायदा मॉड्यूल से कनेक्शन बेनकाब
मृतक की पहचान संभल जिले के थाना असमोली के गांव मैनौटा निवासी हसीन पुत्र इकरार के रूप में हुई, जो कि थाना असमोली का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर और लंबे समय से अपराध की दुनिया में सक्रिय था। हसीन पर थाना कपूरपुर में मुकदमा अपराध संख्या 144/25 धारा 3/5/8 गौवध निवारण अधिनियम के तहत वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
इसके अलावा, हसीन पर हापुड़, मुजफ्फरनगर, संभल, अमरोहा और गौतमबुद्धनगर जिलों में गोकशी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट समेत करीब दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस ने मौके से एक अवैध पिस्टल, जिंदा-खोखा कारतूस और एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। इस घटना को गोकशी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता माना जा रहा है, जो क्षेत्र में अपराधियों के मनोबल को तोड़ने और आम जनता को सुरक्षा का भरोसा दिलाने में मदद करेगी।