Fake Cement Racket : उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आई है। पनकी के इस्पात नगर में एसओजी (SOG) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी करके नामी कंपनियों के ब्रांड नाम पर नकली सीमेंट बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। मौके से एसीसी और अंबुजा जैसी नामचीन कंपनियों की 1000 से भी ज्यादा बोरियां, भारी मात्रा में खाली बैग और माल लादने के लिए खड़े दो ट्रक बरामद किए गए हैं। आइए जानते हैं कि पुलिस ने इस पूरी कार्रवाई को कैसे अंजाम दिया।
कंपनी की शिकायत पर हुई छापेमारी और कार्रवाई
अडानी ग्रुप की एसीसी (ACC) और अंबुजा सीमेंट के सीनियर सेल्स मैनेजर मुमताज उल हक को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि पनकी इलाके में उनकी कंपनियों के नाम का गलत इस्तेमाल कर नकली सीमेंट बेचा जा रहा है।
-
विजिलेंस जांच: कंपनी ने पहले अपने स्तर पर विजिलेंस टीम से मामले की पड़ताल कराई। जब शिकायत में सच्चाई पाई गई, तो उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से संपर्क किया।
-
अचानक रेड: इसके बाद एसओजी और पनकी पुलिस की टीम ने इस्पात नगर के संबंधित परिसर में अचानक छापा मार दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से ठीक पहले रैकेट चलाने वाले संचालक और कर्मचारी वहां से भाग निकले।
चार लोगों पर एफआईआर दर्ज, पुलिस खंगाल रही कड़ियां
एसीपी वेस्ट योगेश कुमार ने बताया कि कंपनी के प्रतिनिधि की तहरीर के आधार पर पनकी थाने में चार लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि यह नकली सीमेंट कहां तैयार किया जा रहा था, इसमें किस तरह की सामग्री मिलाई जा रही थी और किन-किन बाजारों व दुकानों में इसकी सप्लाई होनी थी। मौके से जब्त ट्रकों और कागजातों के जरिए गिरोह के बाकी सदस्यों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।





