संसद के बजट सत्र 2026 से पहले केंद्र सरकार ने आज एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक बुलाई । केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की अध्यक्षता हुई इस बैठक का उद्देश्य आगामी बजट सत्र के दौरान संसद की सुचारू कार्यवाही सुनिश्चित करना और विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ समन्वय बनाना रहा।
यह बैठक सुबह 11 बजे संसद भवन के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित की गई, जिसमें संसद के एजेंडे, लंबित विधेयकों और सत्र के दौरान होने वाली चर्चाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
सभी प्रमुख दलों की भागीदारी
इस सर्वदलीय बैठक में सरकार ने देश के लगभग सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के फ्लोर लीडर्स और प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया। कांग्रेस की ओर से जयराम रमेश, प्रमोद तिवारी, मणिक्कम टैगोर और के. सुरेश शामिल हुए। समाजवादी पार्टी से रामगोपाल यादव, तृणमूल कांग्रेस से शताब्दी रॉय, बीजेडी से डॉ. सस्मित पात्रा, AIADMK से एम. थंबीदुरई और NCP (SP) से फोजिया खान समेत 26 से अधिक नेता बैठक में मौजूद रहे।
सरकार ने सभी दलों से अपील की कि वे बजट सत्र के दौरान संसद के कामकाज में सहयोग करें ताकि महत्वपूर्ण विधायी और आर्थिक मुद्दों पर सार्थक चर्चा हो सके।
संसद के बजट सत्र से पहले नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में सर्वदलीय बैठक जारी है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री @rajnathsingh इस बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।#Budget2026 #BudgetSession2026 #BudgetSession pic.twitter.com/73WNCQCXCz
— आकाशवाणी समाचार (@AIRNewsHindi) January 27, 2026
दो चरणों में होगा बजट सत्र 2026
संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 से शुरू होकर 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा, जो दो चरणों में आयोजित किया जाएगा। पहला चरण 28 जनवरी से 13 फरवरी 2026 आयोजित किया जाएगा, दूसरा चरण 9 मार्च से 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा। इस दौरान कुल 30 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिनके बीच एक इंटर-सेशन ब्रेक भी रहेगा।
राष्ट्रपति का अभिभाषण और बजट प्रस्तुति
बजट सत्र 2026 की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करने से होगी। अपने अभिभाषण में राष्ट्रपति सरकार की नीतियों, उपलब्धियों और आगे के विधायी एजेंडे की जानकारी देंगी।
इसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण भी संसद में पेश किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी 2026 (रविवार) को केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लोकसभा में बजट 2026-2027 प्रस्तुत करेंगी। यह उनका लगातार नौवां पूर्ण बजट होगा और मोदी 3.0 सरकार का तीसरा पूर्ण बजट माना जाएगा।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लोकसभा में 2 से 4 फरवरी तक तीन दिन अस्थायी रूप से निर्धारित किए गए हैं। वहीं, 28 जनवरी और 1 फरवरी को शून्यकाल नहीं होगा।
बजट सत्र में किन विधेयकों पर हो सकती है चर्चा
बजट सत्र 2026 के दौरान लोकसभा में 9 महत्वपूर्ण विधेयक लंबित हैं। इनमें प्रमुख रूप से:
-
विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025
-
प्रतिभूति बाजार संहिता विधेयक 2025
-
संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024
शामिल हैं। ये सभी विधेयक फिलहाल संसदीय स्थायी या प्रवर समितियों के विचाराधीन हैं और बजट सत्र में इन पर चर्चा या पारित होने की संभावना है।
