Bangladesh News : बांग्लादेश के मशहूर पर्यटन स्थल कॉक्स बाजार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां शनिवार सुबह एक रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल आग लगने की असली वजह का पता लगाया जा रहा है।
सुबह-सुबह रिसॉर्ट में लगी भीषण आग
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा कॉक्स बाजार के इनानी क्षेत्र में मरीन ड्राइव के पास स्थित टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट में हुआ। शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे अचानक आग लग गई। उखिया पुलिस स्टेशन के प्रमुख मोहम्मद अतीकुर रहमान मजूमदार के अनुसार, आग पटुआरटेक बीच के पास स्थित रिसॉर्ट में लगी थी। दोपहर करीब 1:30 बजे दमकल विभाग ने 10 लोगों की मौत और 9 लोगों के घायल होने की पुष्टि की। हादसे की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग पर काबू पाने के साथ ही इमारत में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की गई।
बांस और लकड़ी से बना था तीन मंजिला रिसॉर्ट
टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट तीन मंजिला इमारत थी, जिसे मुख्य रूप से बांस और लकड़ी से बनाया गया था। अधिकारियों के मुताबिक, ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरी इमारत इसकी चपेट में आ गई। कॉक्स बाजार फायर सर्विस के अधिकारी सैयद मुहम्मद मोर्शेद हुसैन ने बताया कि आग से रिसॉर्ट का पूरा ढांचा जलकर खाक हो गया।
हादसे के समय रिसॉर्ट में मौजूद थे करीब 30 लोग
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय रिसॉर्ट में लगभग 30 लोग मौजूद थे। इनमें से केवल चार से पांच लोग ही सुरक्षित बाहर निकल पाए। हादसे में घायल हुए नौ लोगों को कॉक्स बाजार सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के रेजिडेंट मेडिकल ऑफिसर के अनुसार, झुलसे हुए पांच मरीजों का इलाज जारी था, जबकि गिरने से घायल हुए एक व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। इस हादसे में कई परिवारों ने अपने करीबियों को खो दिया है। वहीं, बचाव दल इमारत से शवों को निकालने और मृतकों की पहचान करने में जुटा रहा।
कॉक्स बाजार के डिप्टी कमिश्नर ए. मन्नान के मुताबिक, शुरुआती जानकारी के दौरान छह शव बरामद किए गए थे। मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए डीएनए नमूने लेने की बात भी कही गई। शुरुआती आशंका है कि आग रिसॉर्ट की रसोई से शुरू हुई होगी। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। दमकल विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।