Azamgarh News : आजमगढ़ के मुबारकपुर थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ बुधवार सुबह स्कूल जा रही एक छात्रा की ट्रेलर की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में मृतका का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
यह हादसा बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे कटरा मोहल्ले के पास हुआ। पुरा रानी मोहल्ला निवासी गुलरेज अजीजी की 16 वर्षीय पुत्री तहजीब अपने 15 वर्षीय चचेरे भाई रेयाज के साथ बाइक पर सवार होकर सेंट्रल पब्लिक स्कूल जा रही थी। जैसे ही वे कटरा मोहल्ले के पास पहुंचे, अचानक सामने एक तेज रफ्तार ट्रेलर आ गया। अचानक सामने वाहन आने से बाइक चला रहा रेयाज संतुलन खो बैठा और बाइक से छिटककर दूर जा गिरा, जबकि तहजीब सीधे ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही मुबारकपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। पुलिस ने घायल रेयाज को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुँचाया और मृत छात्रा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही दुर्घटना को अंजाम देने वाले ट्रेलर को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। प्रभारी निरीक्षक शशि चंद चौधरी ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस अचानक हुए हादसे के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, क्योंकि तहजीब अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी और उसके पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में विदेश में रहते हैं।
READ MORE : Varanasi News : सीएम योगी का वाराणसी दौरा आज, एयर शो की तैयारियों और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा







