Asian games 2026 में भारतीय महिला स्क्वैश टीम (Women’s squash team) ने कांस्य पदक (bronze medal) अपने नाम किया है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु (Droupadi Murmu) ने भारतीय टीम की खिलाड़ी अनाहत सिंह, तन्वी खन्ना, जोशना चिनप्पा और शमीना रियाज को सोशल मीडिया मंच ‘X’ पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास से ही देश को स्क्वैश में यह सफलता मिली है।
हांगकांग के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार
नागोया के किंजो फुतो एरिना में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में भारत को हांगकांग के खिलाफ 1-2 से हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम को ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। पहले मैच में अनाहत सिंह ने चान सिन युक के खिलाफ शुरुआती दो गेम जीत लिए थे, लेकिन चान ने वापसी करते हुए मुकाबला 3-2 से अपने नाम कर लिया। इसके बाद तन्वी खन्ना ने शानदार खेल दिखाते हुए ली का यी को 3-1 से हराया और मैच को 1-1 की बराबरी पर ला खड़ा किया। हालांकि, निर्णायक मैच में जोशना चिनप्पा को हो त्जे लोक से 0-3 से हार मिली।
नागोया में स्क्वैश का चौथा पदक
इस पदक के साथ नागोया एशियन गेम्स में स्क्वैश में भारत के कुल मेडलों की संख्या 4 हो गई है। युवा खिलाड़ी अनाहत सिंह का इस एशियन गेम्स में यह दूसरा पदक है, इससे पहले वे महिला एकल में रजत पदक जीत चुकी हैं। जोशना, तन्वी और अनाहत की यह तिकड़ी 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी कांस्य पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा रही थी।

