लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र में एसआर ट्रेडर्स पर हुई बमबाजी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। लखनऊ पुलिस की संयुक्त टीम ने मंगलवार को इस गिरोह का पर्दाफाश किया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने 10 लाख रुपये की रंगदारी नहीं मिलने पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से बम फेंका था। गिरफ्तार बदमाशों के पास से 3 देसी बम बरामद हुए हैं, जिन्हें तुरंत निष्क्रिय कर दिया गया। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
डीसीपी लखनऊ पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को दुबग्गा के ग्राम सिकरौरी स्थित एसआर ट्रेडर्स बिल्डिंग पर बाइक सवार बदमाशों ने बम फेंका था। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी थी। जांच के दौरान पता चला कि गिरोह ने 11 जनवरी को लखनऊ के मलिहाबाद के ग्राम जगतापुर में एक व्यक्ति से मोबाइल लूटा था। उसी लूटे हुए मोबाइल और सिम से व्यापारी को फोन कर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। जब व्यापारी ने रंगदारी नहीं दी, तो बदमाशों ने 16 जनवरी को बम से हमला कर दहशत फैलाने की साजिश रची।

डीसीपी ने बताया कि यह गिरोह बेहद शातिर तरीके से काम करता था। वे राहगीरों से मोबाइल लूटते और उसी फोन का उपयोग रंगदारी मांगने के लिए करते थे, ताकि पुलिस तक उनके असली संपर्क का पता न चल सके। रंगदारी न मिलने पर आरोपियों ने 22 जनवरी 2026 को लखनऊ के काकोरी क्षेत्र में एक महिला से भी मोबाइल लूट लिया और अगले दिन उसी सिम से व्यापारी को जान से मारने की धमकी दी।
थाना दुबग्गा व अपराध शाखा लखनऊ पुलिस टीम की संयुक्त कार्यवाही- रंगदारी वसूलने के उद्देश्य से बम फेंकने की घटना का सफल अनावरण, 05 अभियुक्त गिरफ्तार, 03 नाजायज देसी बम निष्क्रिय।
गैंग बनाकर योजनाबद्ध ढंग से लूट व रंगदारी की घटना में संलिप्त हैं सभी आरोपी।@Uppolice @dgpup @UPGovt pic.twitter.com/7RPSbaOozr
— LUCKNOW POLICE (@lkopolice) January 27, 2026
डीसीपी ने बताया कि 26 जनवरी 2026 की सुबह करीब 7:30 बजे शेखपुरवा मोड़ से मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये आरोपी 3 देसी बम लेकर एक और वारदात को अंजाम देने जा रहे थे। गिरफ्तारी के बाद उनके पास से बम, लूटे हुए मोबाइल और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं।
पुलिस ने आरोपियों की पहचान इंद्रेश कुमार सिंह (गैंग सरगना), ज्ञानेन्द्र कुमार, राज उर्फ राजा, मोनू और अंकित कुमार के रूप में की है। गिरोह का एक सदस्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और पूरे नेटवर्क को पकड़ने की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़े- कन्नौज ठठिया: दिनदहाड़े मूक-बधिर युवती का अपहरण, पुलिस तलाश में


