सुल्तानपुर में दिल दहला देने वाली वारदात, पूरे गांव में मातम
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कूरेभार थाना क्षेत्र के एक गांव में 13 साल की नौंवी कक्षा की छात्रा के साथ रेप की कोशिश की गई। जब आरोपी अपने मंसूबों में नाकाम रहा तो उसने चाकू से छात्रा का गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश फैल गया। हालांकि पुलिस ने तेज कार्रवाई करते हुए महज 10 घंटे के अंदर मुठभेड़ में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घर में अकेली थी छात्रा, पड़ोसी ने बनाया निशाना
पुलिस के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 3:40 बजे कक्षा 9 की छात्रा घर पर अकेली थी। इसी दौरान घर से करीब 50 मीटर दूरी पर रहने वाला पड़ोसी विनीत (20) उसके घर में घुस आया। आरोपी स्मैक के नशे में धुत था।
अकेली छात्रा को देखकर उसने उसके साथ जबरन गलत काम करने की कोशिश की। छात्रा ने विरोध किया और खुद को बचाने की कोशिश की।

शोर मचाया तो चाकू से गला काटा
छात्रा के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया। उसने घर में रखे चाकू से छात्रा का गला रेत दिया और लहूलुहान हालत में छोड़कर फरार हो गया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
परिजन छात्रा को तुरंत सीएचसी कूरेभार लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मरने से पहले छात्रा ने कागज पर लिखा आरोपी का नाम
इस केस का सबसे भावुक और चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब पुलिस को घर की तलाशी के दौरान एक कागज का टुकड़ा मिला। इस पर खून से सनी हालत में छात्रा ने किसी तरह लिखा था—
“इसी ने सब कुछ किया है।”
कागज पर आरोपी का नाम लिखा हुआ था। यही पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बना।
जिस दादा ने पाला, उन्हीं की गोद में तोड़ा दम
मृतक छात्रा पांच भाई-बहनों में तीसरे नंबर पर थी। वह बचपन से अपने दादा-दादी के साथ रहती थी। माता-पिता गांव से बाहर बने मकान में रहते हैं।
इलाज के दौरान छात्रा ने उसी दादा की गोद में दम तोड़ा, जिन्होंने उसे पाल-पोसकर बड़ा किया था। इस मंजर ने हर किसी की आंखें नम कर दीं।
परिवार का फूटा गुस्सा, फांसी की मांग
छात्रा के दादा ने गुस्से और दर्द में कहा— “अगर आरोपी को फांसी नहीं हुई और वह मुझे गांव में जिंदा दिख गया, तो मैं खुद उसका गला काट दूंगा। मुझे किसी मुकदमे का डर नहीं।”
परिवार और गांव के लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
10 घंटे में पुलिस मुठभेड़, पैर में लगी गोली
ASP अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें बनाई गई थीं। आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था।
रात करीब 12:45 बजे उसकी लोकेशन ट्रेस हुई। वह शहर से भागने की फिराक में था। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने धनजई मोड़ के पास घेराबंदी की।
खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। घायल होने पर वह गिर पड़ा और पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
स्मैक का नशेड़ी, पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी विनीत स्मैक का नशेड़ी है और पेशेवर चोर भी। मार्च 2025 में चोरी के मामले में वह जेल जा चुका था और कुछ महीने पहले ही जमानत पर बाहर आया था।
आरोपी के पास से एक तमंचा भी बरामद हुआ है। फिलहाल उसे सीएचसी कूरेभार में भर्ती कराया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें : कन्नौज में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर स्लीपर बस में आग, यात्रियों में अफरा-तफरी