भारतीय भोजन में अचार का एक अलग ही महत्व है। चाहे दाल-चावल की थाली हो या गरमागरम पराठे, अगर साथ में थोड़ा-सा अचार मिल जाए, तो खाने का स्वाद दोगुना हो जाना तय है। यही वजह है कि हर घर में अलग-अलग तरह के अचार बनते हैं। इन्हीं में से एक है गाजर का चटपटा अचार, जिसे बनाना बेहद आसान है और इसका स्वाद किसी को भी पसंद आ सकता है। खास बात यह है कि गाजर का अचार अन्य अचारों की तुलना में जल्दी बन जाता है और इसे धूप में रखने की भी जरूरत नहीं पड़ती।
यह रेसिपी उन लोगों के लिए खास है जो अचार बनाना कठिन समझते हैं। थोड़ी-सी सामग्री और कुछ आसान step follow करके घर पर ही स्वादिष्ट और चटपटा गाजर का अचार तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी पूरी विधि और आवश्यक सामग्री।
गाजर का अचार बनाने के लिए सामग्री
-
गाजर – 500 ग्राम (अच्छी तरह धोकर, छीलकर लंबी पट्टियों में कटी हुई)
-
सरसों का तेल – 1/2 कप
-
राई दाल (पीली सरसों) – 2 बड़े चम्मच
-
सौंफ – 1 बड़ा चम्मच
-
मेथी दाना – 1/2 छोटा चम्मच
-
हल्दी पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-
लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
-
हींग – 1/4 छोटा चम्मच
-
सिरका या नींबू का रस – 2 बड़े चम्मच
-
नमक – 2 छोटे चम्मच (या स्वादानुसार)
गाजर का अचार बनाने की विधि
सबसे पहले गाजर को अच्छी तरह धोकर छील लें और उन्हें 1.5 से 2 इंच लंबे मोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद गाजर को एक बड़े बर्तन में हल्का-सा उबालें। ध्यान रखें कि गाजर बहुत ज्यादा न नरम हों , उनका हल्का कुरकुरापन बना रहना चाहिए। इसे भाप में भी 2–3 मिनट के लिए पकाया जा सकता है। उबालने के तुरंत बाद गाजर को ठंडे पानी में डालें और फिर एक साफ कपड़े पर फैलाकर पूरी तरह सुखा लें। गाजर में बिल्कुल भी नमी नहीं होनी चाहिए, नहीं तो अचार जल्दी खराब हो सकता है।
अब एक कड़ाही लें और धीमी आंच पर राई दाल, सौंफ और मेथी दाना हल्का-सा भून लें। मसाले भुनने पर उनमें से अच्छी खुशबू आने लगेगी। इन्हें ठंडा करें और मिक्सर में दरदरा पीस लें। ध्यान रखें कि मसाले बहुत बारीक न पिसें, क्योंकि अचार में दरदरे मसाले ज्यादा स्वाद बढ़ाते हैं।
इसके बाद कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करने के लिए डालें। जब तेल से धुआं निकलने लगे, तो गैस बंद कर दें और तेल को थोड़ा ठंडा होने दें। तेल हल्का गरम रह जाए, तब उसमें हींग, हल्दी और लाल मिर्च पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें।
अब एक बड़ी परात या मिक्सिंग बाउल लें और उसमें सूखी गाजर, पिसा हुआ मसाला, नमक और सिरका (या नींबू का रस) डालें। इसके ऊपर गरम तेल का मिश्रण डालकर अच्छी तरह मिलाएं। ध्यान रखें कि हर गाजर के टुकड़े पर मसाला समान रूप से लग जाए।
तैयार अचार को एक साफ, सूखे और एयर-टाइट कांच के जार में भर लें। इसे एक दिन के लिए कमरे के तापमान पर रखें ताकि मसाले अच्छे से सेट हो जाएं। अगले ही दिन यह अचार खाने के लिए तैयार हो जाएगा। यदि आप इसे फ्रिज में रखें, तो यह एक महीने तक बिलकुल ताज़ा और स्वादिष्ट बना रहता है।
क्यों बनाएं यह गाजर का अचार?
गाजर का अचार न केवल स्वाद में बढ़िया होता है, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा माना जाता है। गाजर Vitamin A और Fiber से भरपूर होती है, और मसालों का संयोजन इसे पाचन में भी सहायक बनाता है। यह अचार रोटियों, पराठों, पूरियों, दाल-चावल और खिचड़ी हर चीज़ के साथ शानदार लगता है।
घर पर बना अचार बाज़ार के अचारों की तुलना में अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और स्वादिष्ट होता है। इसमें Preservative नहीं होते, और आप अपनी पसंद के अनुसार मसालों की मात्रा भी घटा – बढ़ा सकते हैं।
यदि आप अचार बनाने में नए हैं, तो इस आसान रेसिपी से शुरुआत कर सकते हैं। यह कम मेहनत में जल्दी बनने वाला अचार आपके खाने का स्वाद बढ़ा देगा और खाने की हर थाली में एक खास तड़का लगा देगा।
गाजर का यह चटपटा अचार आपकी रसोई में पसंदीदा अचारों में से एक जरूर बन जाएगा। इसे एक बार बनाकर देखें, स्वाद खुद बता देगा कि यह अचार क्यों इतना लोकप्रिय है।
यह भी पढ़े – सर्दियों की शामों का परफेक्ट स्नैक: आलू मेथी टिक्की बनी सबकी पसंदीदा, रेसिपी भी है एकदम आसान








