Afghanistan Kunar school blast: बच्चों के लिए स्कूल सबसे सुरक्षित जगह मानी जाती है, लेकिन अफगानिस्तान से एक बेहद दुखद खबर सामने आई। पूर्वी अफगानिस्तान (Afghanistan) के कुनार (Kunar) प्रांत में एक स्कूल के ठीक पास हुए जोरदार विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। अफगानिस्तान के कुनार स्कूल का धमाका इतना तेज था कि इसमें कम से कम 10 लोगों की जान चली गई और 110 अन्य घायल हो गए, जिनमें ज्यादातर स्कूली बच्चे शामिल हैं। इस घटना के बाद संयुक्त राष्ट्र बाल कोष (यूनिसेफ) ने गहरा खेद व्यक्त किया है।
UNICEF ने बच्चों की सुरक्षा पर दिया जोर
घटना के बाद यूनिसेफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी प्रतिक्रिया साझा की। संगठन ने कहा कि इस हादसे में कई बच्चों की मौत और अनेक के घायल होने की खबर बेहद दुखद है। यूनिसेफ ने साफ शब्दों में दोहराया कि स्कूल हर बच्चे के लिए सुरक्षित स्थान होने चाहिए और किसी भी बच्चे की जान वहां खतरे में नहीं पड़नी चाहिए। फिलहाल यूनिसेफ और उसके सहयोगी दल घटनास्थल पर मौजूद हैं, जो घायल बच्चों को जरूरी चिकित्सा सहायता दे रहे हैं और प्रभावित परिवारों की मदद में जुटे हैं।
मलबे में फंसे छात्र और शिक्षक
यह हादसा कुनार प्रांत की राजधानी असदाबाद के बाहरी इलाके अंदर सेर क्षेत्र में हुआ। धमाके के कारण स्कूल की इमारत का एक हिस्सा गिर गया, जिससे कई छात्र और शिक्षक मलबे के नीचे दब गए। स्थानीय तस्वीरों और वीडियो में टूटी हुई कक्षाएं और चारों तरफ बिखरे स्कूली बैग देखे जा सकते हैं। गंभीर रूप से घायल कई बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पास के नंगरहार प्रांत के अस्पतालों में भेजा गया है।

विस्फोट की वजह को लेकर अलग-अलग दावे
आखिर अफगानिस्तान-कुनार स्कूल धमाका कैसे हुआ, इसे लेकर दो अलग-अलग बातें सामने आ रही हैं। तालिबान के अधिकारियों और उप प्रवक्ता का कहना है कि स्कूल के पास खनन कंपनियों का एक डिपो था, जहां विस्फोटक सामग्री रखी गई थी। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि इन विस्फोटकों के रखरखाव में लापरवाही बरती गई, जिससे यह हादसा हुआ। दूसरी तरफ, खामा प्रेस की एक रिपोर्ट में पाकिस्तानी सरकारी सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि विस्फोट एक मकान में हुआ, जहां कथित तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के सदस्य बम बना रहे थे। कारण जो भी रहा हो, इस घटना ने कई परिवारों को गहरा जख्म दे दिया है।
यह भी पढ़ें: Mann Ki Baat 140th Episode: नशामुक्त भारत से लेकर पटना संग्रहालय तक, जानिए नेताओं ने क्या कहा







