SP Congress Alliance UP 2027: समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस (Congress) के बीच बढ़ती सियासी खींचतान लगातार बनी हुई है। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 में बीजेपी को चुनौती देने के लिए दोनों दल भले ही गठबंधन के साथ चुनाव लड़ने का दावा कर रहे हों। लेकिन चुनावी तैयारियों के बीच अब दोनों पार्टियों के बीच मतभेद सामने आने लगे हैं।
दरअसल, सीटों के बंटवारे से पहले ही समाजवादी पार्टी की ओर से 5 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान और अलग से ‘पीडीए प्रणपत्र’ जारी किए जाने से कांग्रेस खेमे में बेचैनी बढ़ गई है। वहीं कांग्रेस ने भी किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और छात्रों को ध्यान में रखकर अपना अलग घोषणापत्र तैयार कर लिया है। लेकिन अब सबसे बड़ा सवाल सीटों के बंटवारे को लेकर खड़ा हो गया है।
कांग्रेस के भीतर 120 से कम सीटों पर समझौता न करने की मांग उठ रही है, जबकि सपा की ओर से 26 सीटों की पेशकश की चर्चा ने नाराजगी बढ़ा दी है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) भी इस पर आपत्ति जता चुके हैं और साफ कह चुके हैं कि पार्टी को 26 सीटों की भीख नहीं चाहिए। इतना ही नहीं, वह कम से कम 105 सीटों की मांग भी उठा चुके हैं।
वहीं समाजवादी पार्टी अपने PDA एजेंडे के तहत सामाजिक न्याय, जातिगत जनगणना और सरकारी ठेकों में आरक्षण जैसे मुद्दों पर जोर दे रही है, जबकि कांग्रेस रोजगार, किसान कर्जमाफी और महिला सशक्तीकरण को चुनावी मुद्दा बना रही है।
हालांकि दोनों दलों के नेता बातचीत के जरिए गठबंधन बनाए रखने की बात कह रहे हैं। ऐसे में प्रत्याशियों की घोषणा, अलग-अलग चुनावी एजेंडे और सीटों की खींचतान के बीच अब सबकी निगाहें दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व के फैसले पर टिकी हैं। सवाल यही है कि क्या सपा और कांग्रेस सीटों के बंटवारे पर सहमति बना पाएंगे या यूपी चुनाव से पहले ही गठबंधन की राह में मुश्किलें और बढ़ेंगी।
यह भी पढ़ें: Janakpur to Ayodhya Saryu Kamala Express : नेपाल के जनकपुर से पहली बार सीधे ट्रेन से अयोध्या पहुंचा रामलला का तिलक







