Sahara City Fire : लखनऊ में गुरुवार शाम एक बड़ा अग्निकांड सामने आया। विपुल खंड-1 स्थित सहारा शहर में भीषण आग लगने से सुब्रत राय की एग्जीबिशन गैलरी पूरी तरह जलकर राख हो गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी गैलरी इसकी चपेट में आ गई। करीब साढ़े तीन घंटे तक दमकल कर्मियों ने आग बुझाने के लिए मशक्कत की। रात करीब 10 बजे आग पर काबू पाया जा सका। इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गैलरी में रखी सुब्रत राय के जीवन से जुड़ी यादें और ऐतिहासिक सामान नष्ट हो गए।
सहारा शहर में आग से मची अफरा-तफरी
विपुल खंड-1 स्थित सहारा शहर में गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे आग लगी। आग परिसर के मुख्य गेट के पास बनी सुब्रत राय की एग्जीबिशन गैलरी में लगी थी। देखते ही देखते लपटें तेज हो गईं और पूरी गैलरी आग की चपेट में आ गई। आग की सूचना मिलते ही गोमती नगर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। हालांकि, आग की भयावहता को देखते हुए दूसरे फायर स्टेशनों से भी दमकल की गाड़ियां बुलानी पड़ीं। रात 10 बजे आग पर काबू पाया गया, लेकिन इसके बाद भी काफी देर तक आसमान में धुएं का गुबार दिखाई देता रहा।
आग में जल गईं सुब्रत राय की यादें
सहारा शहर के मुख्य गेट के दाहिनी ओर सुब्रत राय ने एग्जीबिशन सेंटर और गैलरी बनवाई थी। यहां उनके जीवन के सफर और सहारा समूह की यात्रा से जुड़ी यादों को सहेजकर रखा गया था। गैलरी में कई प्रसिद्ध खिलाड़ियों और हाईप्रोफाइल हस्तियों के साथ सुब्रत राय की तस्वीरें और उनसे जुड़ा ऐतिहासिक सामान मौजूद था। यहां वह स्कूटर भी रखा गया था, जिससे उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी। आग में गैलरी के अंदर रखा लगभग पूरा सामान जलकर राख हो गया। इस तरह सहारा समूह के इतिहास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण यादें भी नष्ट हो गईं।
सील परिसर में आग लगने से उठे सवाल
सहारा शहर में आग लगने की घटना इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि नगर निगम ने 6 अक्टूबर 2026 को लीज की शर्तों का उल्लंघन करने के मामले में पूरे परिसर को सील कर दिया था। इसके बाद से यहां आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। परिसर की सुरक्षा के लिए नगर निगम का ईटीएफ बल तैनात रहता है।
बताया जा रहा है कि परिसर में बिजली का कनेक्शन भी नहीं है। ऐसे में बंद परिसर के अंदर आग कैसे लगी, यह बड़ा सवाल है। घटना के बाद आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। आग की घटना के बाद सहारा शहर के मुख्य गेट पर पेट्रोल और डीजल के कई कनस्तर भी रखे मिले। सुरक्षा कर्मियों के मुताबिक, परिसर के अंदर स्थित पेट्रोल पंप से चोरी करने वाले कुछ लोगों को पकड़ा गया था। उनके पास से ये कनस्तर मिले थे। इस मामले में पुलिस से शिकायत भी की गई थी। हालांकि, आग लगने और कनस्तरों के बीच कोई संबंध है या नहीं, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
15 दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल ने बताया कि शुरुआती सूचना मिलने पर गोमती नगर फायर स्टेशन से दमकल की गाड़ी भेजी गई थी। आग की स्थिति गंभीर होने के कारण अन्य फायर स्टेशनों से भी गाड़ियां बुलानी पड़ीं। हजरतगंज, चौक, इंदिरानगर, आलमबाग, बीकेटी, सरोजनी नगर, गोसाईंगंज और पीजीआई समेत कई फायर स्टेशनों से कुल 15 दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए 42 मीटर ऊंचे हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म का भी इस्तेमाल किया गया।
Read more : CM योगी ने 1,594 युवाओं को सौंपे नियुक्ति-पत्र, बोले- हर युवा की मेहनत को मिलेगा सम्मान







