UP Assembly Elections : उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच सियासी बयानबाजी तेज होती जा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान सपा प्रमुख अखिलेश यादव और पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए उन्हें ‘मुन्ना भाई गैंग का सरगना’ बताया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया, भ्रष्टाचार, रोजगार और पिछली सरकारों के कामकाज को लेकर कई सवाल उठाए।
योगी आदित्यनाथ का अखिलेश यादव पर हमला
लखनऊ में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 1,594 नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर व्यक्ति पिछली सरकारों के कामकाज को जानता है। जब किसी का अतीत अच्छा नहीं रहा तो भविष्य भी अच्छा नहीं हो सकता।
सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में भर्तियों के नाम पर धांधली होती थी। उस समय नियुक्तियों में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों में योग्य युवाओं को उनका हक नहीं मिलता था। इसी संदर्भ में उन्होंने ‘मुन्ना भाई’ फिल्म का जिक्र करते हुए सपा नेतृत्व पर निशाना साधा।
चाचा-भतीजा पर वसूली का आरोप
मुख्यमंत्री ने पिछली समाजवादी पार्टी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की पहचान उपद्रव प्रदेश के रूप में होती थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि चाचा-भतीजा वसूली के लिए निकल जाते थे और नियुक्ति पत्र मुन्ना भाई लेकर जाता था। सीएम योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश को अपनी बपौती समझ लिया था। प्रदेश के संसाधनों का इस्तेमाल जनता के बजाय अपने फायदे के लिए किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि सपा के नेता शिक्षा की बात करते हैं, लेकिन अपने बच्चों को पढ़ने के लिए विदेश भेजते हैं।
सीएम योगी ने अपनी सरकार के कामकाज का जिक्र करते हुए कहा कि साढ़े नौ साल में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था तीन गुना हो गई है। उनके मुताबिक, प्रदेश की अर्थव्यवस्था 12.5 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 36 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र बांटने की रफ्तार इतनी तेज है कि सैफई सिंडिकेट इसकी गिनती भी नहीं कर पाएगा। वहां नोट गिनने के अलावा और कुछ गिनने का काम नहीं होता।
30 लाख नौकरियों के वादे पर अखिलेश से सवाल
समाजवादी पार्टी की ओर से 30 लाख नौकरियां देने के वादे पर भी मुख्यमंत्री ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि युवाओं को यह जानना है कि जब सपा की सरकार थी, तब रोजगार के लिए क्या किया गया। सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें गिनती आती हो तो उनकी सरकार अब तक 10 लाख नियुक्ति पत्र दे चुकी होगी। उन्होंने सपा प्रमुख से अपनी चार सरकारों के दौरान दी गई नौकरियों का हिसाब भी मांगा। मुख्यमंत्री ने गोमती रिवर फ्रंट परियोजना का जिक्र करते हुए पिछली सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि परियोजना का बजट 167 करोड़ रुपये था, लेकिन इस पर 1,400 करोड़ रुपये खर्च हो गए और काम भी अधूरा रह गया। सीएम योगी के मुताबिक, मामले में कार्रवाई के दौरान पता चला कि कई आदेश मौखिक रूप से दिए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि छोटे कर्मचारी जेल चले गए, जबकि बड़े लोगों ने विदेशों में संपत्तियां बना लीं।
युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार देने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में निवेशकों के सामने सुरक्षा की समस्या थी। उन्होंने सपा पर पेशेवर गुंडों को संरक्षण देने का आरोप लगाया। वहीं, अपनी सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में निवेश का माहौल बदला है और चार लाख लोगों को आवास उपलब्ध कराने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में कट्टा और बम बनाए जाते थे, जबकि अब लखनऊ में आधुनिक मिसाइलों का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं से ईमानदारी से काम करने की अपील भी की। उन्होंने वित्तीय कामकाज से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि किसी भी गलत आदेश को मानने से इनकार करें।
Read more : CM योगी ने 1,594 युवाओं को सौंपे नियुक्ति-पत्र, बोले- हर युवा की मेहनत को मिलेगा सम्मान







