Constitution Day Lucknow: संविधान दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) गुरुवार, 26 नवंबर को देशभर में संविधान गौरव दिवस मना रही है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से लेकर दिल्ली और अन्य राज्यों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। लखनऊ में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
लखनऊ में 500 प्रबुद्धजन होंगे शामिल
लखनऊ के भागीदारी भवन में दोपहर 3 बजे से संविधान गौरव दिवस का कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें डॉक्टर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, शिक्षक, व्यवसायी और समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लगभग 500 प्रबुद्धजन हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री असीम अरुण भी मौजूद रहेंगे।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के संयोजक दिलीप पटेल के मुताबिक, कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करके होगी। इसके बाद संविधान पर आधारित प्रदर्शनी, झांकी और कलात्मक प्रस्तुतियों के जरिए संविधान निर्माण की प्रक्रिया और उसके मूलभूत मूल्यों को प्रदर्शित किया जाएगा।
इस अवसर पर बाबा साहेब की जीवनी और भारतीय संविधान से संबंधित करीब 2,000 पुस्तिकाओं का वितरण किया जाएगा। वहीं, मंच पर उपस्थित अतिथियों को संविधान की 30 पुस्तिकाएं भेंट की जाएंगी। इसके अलावा लेख प्रकाशन, साहित्य वितरण और सोशल मीडिया के माध्यम से भी अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।
दिल्ली में अमित शाह करेंगे कार्यक्रम को संबोधित
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह दिल्ली स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में दोपहर 3:30 बजे आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी इस आयोजन में शामिल होंगी। इसी के साथ पटना के ज्ञान भवन ऑडिटोरियम में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन शिरकत करेंगे, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा अहमदाबाद में आयोजित संविधान दिवस समारोह में शामिल होंगे।
26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस
26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक घटना की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 से इस दिन को आधिकारिक रूप से संविधान दिवस के तौर पर मनाने की शुरुआत की थी। इस अवसर पर देशभर के सरकारी संस्थानों, शिक्षण केंद्रों और राजनीतिक संगठनों की ओर से विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन करते हुए संविधान को भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य विरासत बताया। पीएम मोदी ने कहा कि संविधान में निहित मूल्य विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में देश का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने इस दिन को संविधान निर्माताओं को याद करने और संविधान के मूल्यों को मजबूत बनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर भी बताया।
सभी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।
इस पावन अवसर पर पूज्य बाबासाहेब एवं संविधान सभा की समस्त महान विभूतियों को मेरा नमन और वंदन।
संविधान के रूप में उनके द्वारा दी गई सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है, जो विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी।
Greetings on Constitution Day, a day to pay homage to the makers of our Constitution and an occasion to reaffirm our commitment to strengthening the values enshrined in it.
बहुधा बहुभिः सार्धं चिन्तिताः सुनिरूपिताः।
कथञ्चिन्न विलीयन्ते विद्वद्भिश्चिन्तिता नयाः॥
— Narendra Modi (@narendramodi) November 26, 2026
यह भी पढ़ें: Akhilesh Yadav 26 नवंबर को ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करेंगे | UP Election 2027 | Jan-Man Ghoshna Patra







