Women’s Asian Champions Trophy 2026: भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को 6-2 से हराया, FIH वर्ल्ड रैंकिंग में हासिल किया पांचवां स्थान

Women's Asian Champions Trophy 2026

Share This Article

Women’s Asian Champions Trophy 2026: विमेंस एशियन चैंपियंस ट्रॉफी (Women’s Asian Champions Trophy) 2026 में भारतीय महिला हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चीन को 6-2 से शिकस्त दी। मंगलवार को भोपाल के इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए इस मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी टीम इंडिया ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में लगातार चौथी सफलता दर्ज की। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता के इतिहास में चीन के खिलाफ भारत की यह अब तक की सबसे बड़ी जीत है।

इस जीत के साथ भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच (FIH) वर्ल्ड रैंकिंग में भी नया कीर्तिमान स्थापित किया है। टीम अब पांचवें स्थान पर पहुंच गई है, जो अक्टूबर 2003 में विश्व रैंकिंग की शुरुआत के बाद से भारतीय महिला हॉकी का सर्वश्रेष्ठ स्थान है।

दीपिका की हैट्रिक से भारत ने बनाई मजबूत बढ़त

चीन के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम की ओर से दीपिका सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी रहीं। उन्होंने पहले ही क्वार्टर में तीन गोल दागकर अपनी हैट्रिक पूरी की। मैच शुरू होने के पहले मिनट में ही दीपिका ने रिवर्स हिट के जरिए भारत को पहली बढ़त दिलाई। ऋतुजा दादासो पिसल और सलीमा टेटे के बेहतरीन पास की मदद से बने इस मौके को दीपिका ने गोल में बदल दिया। छठे मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर पर दीपिका ने एक और गोल किया। इसके बाद 14वें मिनट में तीसरा गोल दागकर उन्होंने अपनी हैट्रिक पूरी कर ली। भारत के लगातार हमलों के बीच चीन ने पहले क्वार्टर के आखिरी हिस्से में फेंग किंगमियाओ के पेनाल्टी कॉर्नर से एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम की बढ़त बरकरार रही।

दूसरे क्वार्टर में भी भारत का आक्रामक रुख जारी रहा। 19वें मिनट में लालरेमसियामी ने गोल करके स्कोर 4-1 कर दिया। इसके तीन मिनट बाद नेहा ने शानदार रिवर्स फ्लिक लगाते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया। इस तरह हाफ-टाइम तक भारत ने 5-1 की मजबूत बढ़त बना ली।

साक्षी राणा ने छठा गोल कर जीत की दावेदारी मजबूत की

दूसरे हाफ में चीन ने वापसी के लिए आक्रमण तेज किया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को लगातार नाकाम किया। गोलकीपर बिचू देवी ने भी कई महत्वपूर्ण बचाव किए। 33वें मिनट में साक्षी राणा ने हवा में आए पास को नियंत्रित करते हुए शानदार शॉट लगाया और भारत के खाते में छठा गोल जोड़ दिया। रक्षात्मक मोर्चे पर पूजा साहू और ज्योति ने अहम भूमिका निभाई। मुकाबले के अंतिम समय तक भारतीय टीम ने अपनी पकड़ बनाए रखी। चीन ने एक और गोल किया, लेकिन भारत ने 6-2 के अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

जापान से होगा भारत का अगला मुकाबला

इस जीत के बाद भारतीय टीम के कुल 12 अंक हो गए हैं। टूर्नामेंट में अब तक अजेय रही टीम इंडिया का अगला मुकाबला बुधवार शाम 7 बजे जापान से होगा। जापान के भी 12 अंक हैं और वह भी अब तक कोई मैच नहीं हारा है। ऐसे में यह मुकाबला राउंड-रॉबिन चरण में शीर्ष स्थान के लिहाज से महत्वपूर्ण होगा। वहीं, अन्य मुकाबलों में दक्षिण कोरिया ने थाईलैंड को 1-0 से हराया, जबकि जापान ने मलेशिया के खिलाफ 3-1 से जीत दर्ज की। अब भारतीय टीम जापान को चुनौती देने के लिए मैदान पर उतरेगी।

यह भी पढ़ें: भारत में 1 करोड़ से ज्यादा HPV Vaccine की डोज, UP बना नंबर-1!

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted