PWL Season 6: प्रो रेसलिंग लीग (PWL) के छठे सीजन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 19 जनवरी, 2027 तक नई दिल्ली स्थित केडी जाधव रेसलिंग एरिना में किया जाएगा। इस बार छह फ्रेंचाइजी खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। वहीं, आगामी सीजन के लिए खिलाड़ियों की नीलामी 30 नवंबर को मुंबई के ग्रैंड हयात होटल में होगी। लीग में कुल 86 शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे, जिनमें 34 अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती कैलेंडर के अनुसार बदला कार्यक्रम
यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग (UWW) के अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में हुए बदलाव के बाद लीग के नए कार्यक्रम की घोषणा की गई है। तारीखों में संशोधन का मुख्य उद्देश्य प्रतियोगिता को अंतरराष्ट्रीय कुश्ती आयोजनों से अलग रखना है, ताकि भारतीय और विदेशी पहलवान बिना किसी कार्यक्रम संबंधी बाधा के इसमें भाग ले सकें।
छह फ्रेंचाइजी के बीच होगी खिताबी जंग
पीडब्ल्यूएल के छठे संस्करण में मुंबई दंगल, हरियाणा थंडर्स, दिल्ली दंगल वॉरियर्स, महाराष्ट्र केसरी, पंजाब रॉयल्स और यूपी डॉमिनेटर्स की टीमें हिस्सा लेंगी। सभी फ्रेंचाइजी 30 नवंबर को होने वाली नीलामी में अपनी पसंद के खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए बोली लगाएंगी। इस सीजन में ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स के पदक विजेताओं की भागीदारी से मुकाबलों का स्तर और प्रतिस्पर्धा बढ़ने की उम्मीद है।
30 नवंबर को होगी खिलाड़ियों की नीलामी
नीलामी में भारतीय और अंतरराष्ट्रीय कुश्ती जगत के प्रमुख खिलाड़ियों पर फ्रेंचाइजी की नजर रहेगी। पिछले ऑक्शन में जापान की ओलंपिक चैंपियन यूई सुसाकी 60 लाख रुपये की बोली के साथ लीग की सबसे महंगी पहलवान बनी थीं। भारतीय पहलवान अमन सेहरावत, अंतिम पंघाल और सुजीत कलकल के लिए भी 50 लाख रुपये से अधिक की बोली लगाई गई थी।
पीडब्ल्यूएल चेयरमैन दयान फारूकी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर के अनुरूप नई तारीखें तय करने से दुनिया के बेहतरीन पहलवानों की भागीदारी सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि लीग का मकसद खिलाड़ियों को उच्चस्तरीय प्रतिस्पर्धा का मंच देने के साथ दर्शकों को रोमांचक खेल अनुभव उपलब्ध कराना है।
नौ भार वर्गों में होंगे मुकाबले
प्रतियोगिता में पुरुषों के पांच भार वर्ग 57, 65, 74, 86 और 125 किलोग्राम होंगे। वहीं, महिलाओं के चार वर्ग 53, 57, 62 और 76 किलोग्राम निर्धारित किए गए हैं। मैच का प्रारूप पहले की तरह रहेगा। प्रत्येक मुकाबले में तीन-तीन मिनट के दो राउंड होंगे। इसके अलावा पावर मिनट नियम भी लागू रहेगा। इसके तहत मुकाबले के अंतिम 60 सेकंड में हासिल किए गए अंकों का मूल्य दोगुना होगा। इससे खिलाड़ियों को आखिरी क्षणों तक आक्रामक और रणनीतिक खेल दिखाना होगा।
हरियाणा थंडर्स ने जीता था पिछला खिताब
पीडब्ल्यूएल के पांचवें सीजन में हरियाणा थंडर्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में टीम ने दिल्ली दंगल वॉरियर्स को 5-4 से शिकस्त दी थी। अब छठे सीजन में सभी छह फ्रेंचाइजी नए सिरे से खिताब के लिए चुनौती पेश करेंगी।
यह भी पढ़ें: लखीमपुर-निघासन रोड पर भीषण सड़क हादसा, ट्रक और ओमनी वैन की टक्कर में चार की मौत, छह घायल






