Kannauj Accident : उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 35 बच्चे घायल हो गए। बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कैसे हुआ हादसा?
यह दुर्घटना कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के 209वें किलोमीटर पर हुई। जानकारी के मुताबिक, आगरा से स्कूली बच्चों को पिकनिक के लिए कौशांबी और मथुरा ले जाया गया था। मंगलवार सुबह बच्चे बस से वापस लौट रहे थे। सुबह करीब 5:45 बजे बस एक्सप्रेसवे पर किनारे खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में चार बच्चों की जान चली गई और 35 बच्चे घायल हो गए। एक घायल छात्र के मुताबिक, बच्चों को बाथरूम कराने के लिए बस रोकी गई थी। इसी दौरान पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी।
घायलों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को एंबुलेंस की मदद से तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गंभीर रूप से घायल स्कूल के प्रिंसिपल और एक बच्चे को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर करने की जानकारी दी गई है। वहीं, सुरक्षित बचे बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहन से घर भेजने की व्यवस्था की गई।
एसपी विनोद कुमार ने दी हादसे की जानकारी
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि स्कूल बस में करीब 50 छात्र और स्टाफ के सदस्य सवार थे। सुबह लगभग 5:45 बजे आगरा से लखनऊ की तरफ जा रही बस को 209वें किलोमीटर के पास पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। एसपी के मुताबिक, चार बच्चों को तिर्वा मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में मृत घोषित किया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को कानपुर रेफर किया जा रहा है, जबकि अन्य घायल बच्चों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
दुर्घटना के बाद पुलिस की टीम मौके पर जांच में जुट गई है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रक चालक की क्या भूमिका रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। प्रशासन की ओर से घायलों के इलाज और सुरक्षित बचे बच्चों को घर पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।




