Guru Nanak Jayanti 2026 : सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु गुरु नानक देव का प्रकाश पर्व देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस खास मौके पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने देशवासियों को बधाई दी। नेताओं ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं को याद करते हुए कहा कि सत्य, सेवा, समानता और मानवता का उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा है।
पीएम मोदी ने गुरु नानक देव की शिक्षाओं को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर देशवासियों को प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की शिक्षाएं हमेशा मानवता का मार्गदर्शन करती रहेंगी। उनका जीवन दया, एकता और सभी के कल्याण के लिए समर्पित था। पीएम मोदी ने कहा कि गुरु नानक देव ने समाज को सत्य, कर्म, सेवा, करुणा और मित्रता का रास्ता दिखाया। उनकी शिक्षाएं लोगों को सादगी, सद्भाव और दूसरों की भलाई के लिए काम करने की प्रेरणा देती हैं। प्रधानमंत्री ने गुरु नानक देव के चरणों में शीश झुकाकर नमन किया।
राष्ट्रपति मुर्मु ने दिया ‘इक ओंकार’ का संदेश
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश और विदेश में रह रहे भारतीयों को गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का ‘इक ओंकार’ संदेश पूरी मानवता की एकता का प्रतीक है।
राष्ट्रपति ने कहा कि गुरु नानक देव ने जाति-पाति, ऊंच-नीच और भेदभाव से मुक्त समाज की कल्पना की थी। उन्होंने प्रेम, करुणा और मानव सेवा को जीवन का आधार बनाने की शिक्षा दी। उन्होंने गुरु नानक देव की तीन प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का भी उल्लेख किया। इसका अर्थ है ईश्वर का स्मरण करना, ईमानदारी से मेहनत करना और अपनी कमाई दूसरों के साथ बांटना। राष्ट्रपति ने लंगर की परंपरा को सामाजिक समानता और निस्वार्थ सेवा का उदाहरण बताया। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने भी प्रकाश पर्व पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव की सत्य, समानता, करुणा और निस्वार्थ सेवा की शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का संदेश शांति, सद्भाव और आपसी सम्मान पर आधारित समाज बनाने के लिए प्रेरित करता है। ‘किरत करो, वंड छको और नाम जपो’ का सिद्धांत मानवता की सेवा का मार्ग दिखाता है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरु नानक देव को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने पूरी मानवता को प्रेम, समानता, सेवा और सद्भाव का संदेश दिया। गुरु नानक देव ने ऐसे समाज की कल्पना की, जहां जाति-पाति और ऊंच-नीच का कोई भेदभाव न हो और हर व्यक्ति को समान सम्मान मिले। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव का ‘इक ओंकार’ का संदेश परमात्मा की एकता और सर्वव्यापकता का बोध कराता है।
अमित शाह ने लंगर परंपरा को बताया सामाजिक समरसता का उदाहरण
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं देते हुए उनकी शिक्षाओं को याद किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव ने ईश्वर के प्रति आस्था, सदाचार और भेदभाव मुक्त समाज का रास्ता दिखाया। अमित शाह ने कहा कि लंगर की परंपरा और धर्मशालाओं की स्थापना के माध्यम से गुरु नानक देव ने सेवा, बंधुत्व और सामाजिक समरसता का अनूठा उदाहरण पेश किया। उनकी शिक्षाएं हमेशा सत्य और परोपकार के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती रहेंगी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि दुनिया में आज जितनी समस्याएं हैं, उनका समाधान गुरु नानक देव की शिक्षाओं में मौजूद है।
उन्होंने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ के सिद्धांत को जीवन में शांति और आनंद लाने वाला बताया। गुरु नानक देव की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, प्रेम, सेवा और भाईचारे का संदेश देती हैं। प्रकाश पर्व के अवसर पर देश के शीर्ष नेताओं ने इन्हीं मूल्यों को अपनाने और मानवता के कल्याण के लिए आगे बढ़ने का संदेश दिया।





