Saryu Kamla Express : भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मभूमि जनकपुर धाम अब रेल सेवा से सीधे जुड़ गए हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुरू होने से भारत और नेपाल के बीच यात्रा करना आसान होगा। यह ट्रेन सिर्फ सफर की सुविधा नहीं, बल्कि दोनों देशों के पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को जोड़ने की एक नई पहल भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अयोध्या धाम पहुंचे।
सरयू-कमला एक्सप्रेस का शुभारंभ
अयोध्या धाम से जनकपुर धाम के बीच सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन शुरू हो गया है। करीब 604 किलोमीटर की दूरी तय करने वाली इस ट्रेन से श्रद्धालुओं को दोनों प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधे यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। अब यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं होगी। इस रेल सेवा से अयोध्या आने वाले श्रद्धालु जनकपुर धाम तक आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं नेपाल से आने वाले यात्रियों के लिए भी रामलला के दर्शन और अयोध्या भ्रमण का रास्ता आसान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और नेपाल के संबंध केवल पड़ोसी देशों के रिश्ते नहीं, बल्कि विश्वास और आत्मीयता से जुड़े हैं। दोनों देशों के बीच बातचीत के दौरान कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं, जो संबंधों को नई ऊंचाई देंगे। पीएम मोदी ने नेपाल में हाल के महीनों में आई आपदा पर संवेदना व्यक्त करते हुए नेपाल के पुनर्निर्माण और विकास के लिए 24 हजार करोड़ नेपाली रुपये के विकास सहयोग पैकेज का भी एलान किया।
अयोध्या और मिथिला की संस्कृति का संगम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरयू-कमला एक्सप्रेस के शुभारंभ को भारत और नेपाल के हजारों साल पुराने सांस्कृतिक रिश्तों के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि अयोध्या और मिथिला की संस्कृतियों का पौराणिक जुड़ाव इस रेल सेवा से फिर मजबूत होगा। सीएम योगी ने भारत और नेपाल के रिश्ते को रोटी-बेटी का संबंध बताते हुए कहा कि अयोध्या के लोग जनकपुर को अपना ससुराल मानते हैं, जबकि मिथिला के लोग भगवान श्रीराम को पाहुन के रूप में सम्मान देते हैं। जनकपुर में विवाह पंचमी पर होने वाला राम-जानकी विवाह उत्सव इसी रिश्ते की पहचान है।
धार्मिक पर्यटन और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
सरयू-कमला एक्सप्रेस से उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। ट्रेन के रास्ते में 10 प्रमुख मध्यवर्ती स्टेशनों पर ठहराव होने से स्थानीय व्यापार, होटल और परिवहन सेवाओं को फायदा मिल सकता है। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर तक प्रस्तावित श्रीराम-जानकी मार्ग भी भारत और नेपाल के धार्मिक स्थलों को जोड़ने की दिशा में अहम पहल है। सरयू-कमला एक्सप्रेस अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच यात्रा को आसान बनाने के साथ दोनों देशों की साझा आस्था और संस्कृति को करीब लाने का माध्यम बनेगी। इस रेल सेवा से श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों को सुविधा मिलने की उम्मीद है।







