Guru Nanak Dev Prakash Parv : गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के मौके पर पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारों के दर्शन के लिए 1822 सिख श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को रवाना हुआ। अटारी-वाघा सीमा के रास्ते पाकिस्तान जा रहे श्रद्धालुओं में इस धार्मिक यात्रा को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। एसजीपीसी कार्यालय से संगत को जयकारों और ढोल-नगाड़ों के बीच विदाई दी गई। गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व के अवसर पर सिख श्रद्धालुओं के लिए पाकिस्तान स्थित ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन का खास महत्व है। इसी कड़ी में शनिवार को 1822 श्रद्धालुओं का जत्था पाकिस्तान के लिए रवाना हुआ। विदाई के दौरान ‘बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु इस यात्रा के दौरान गुरु साहिबान से जुड़े ऐतिहासिक स्थलों पर माथा टेकेंगे और अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे। संगत में इस यात्रा को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया।
ननकाना साहिब से शुरू होगी यात्रा
पाकिस्तान पहुंचने के बाद श्रद्धालु सबसे पहले श्री ननकाना साहिब जाएंगे। यह गुरु नानक देव जी का जन्मस्थान है और सिख धर्म के सबसे पवित्र स्थलों में से एक माना जाता है। यहां श्रद्धालु गुरुद्वारा पट्टी साहिब, क्यारा साहिब और अन्य ऐतिहासिक गुरुधामों में दर्शन करेंगे।
इसके बाद जत्था गुरुद्वारा सच्चा सौदा, श्री पंजा साहिब, श्री करतारपुर साहिब और लाहौर के गुरुद्वारा डेरा साहिब भी जाएगा। इन सभी गुरुद्वारों का सिख इतिहास और धार्मिक परंपराओं से गहरा जुड़ाव है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के मुताबिक, पाकिस्तान जाने के लिए कुल 1828 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे। इनमें से 1822 लोगों को वीजा मिला, जबकि छह श्रद्धालुओं के आवेदन रद्द कर दिए गए। जत्थे की अगुवाई एसजीपीसी सदस्य बीबी परमिंदर कौर कर रही हैं। उनके साथ रविंदर सिंह खालसा, गुरनाम सिंह जस्सल, बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला और जनरल मैनेजर लखबीर सिंह चीफ-85 भी यात्रा में शामिल हैं।
भाईचारे और शांति के लिए की अरदास
एसजीपीसी सदस्य बीबी गुरिंदर कौर भोलूवाला ने कहा कि ऐतिहासिक गुरुधामों के दर्शन करना हर सिख के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने पाकिस्तान में गुरुद्वारों की प्राचीन इमारतों और गुरु साहिबान से जुड़ी निशानियों को सुरक्षित रखने की सराहना की।
श्रद्धालुओं ने दोनों देशों के बीच भाईचारे और शांति बनाए रखने की अरदास की। इसके साथ ही बंदी सिंहों की रिहाई के लिए भी प्रार्थना की गई। पहली बार पाकिस्तान जा रहे कुछ श्रद्धालुओं ने इस यात्रा को अपने जीवन का खास अवसर बताया।
एक दिसंबर को भारत लौटेगा जत्था
धार्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालु कई ऐतिहासिक गुरुद्वारों में दर्शन करेंगे। जत्था एक दिसंबर को अटारी-वाघा सीमा के रास्ते भारत लौटेगा। हालांकि, कुछ श्रद्धालुओं ने बसों की रवानगी, समय-सारणी और पासपोर्ट वितरण की जानकारी समय पर नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं और उनके परिजनों को स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने से परेशानी हुई। इसके बावजूद संगत में गुरुधामों के दर्शन को लेकर श्रद्धा और उत्साह बना रहा।







