PM Modi: देशभर में भाई-बहन के पवित्र प्रेम और अटूट रिश्ते का पर्व भाई दूज पूरी श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस शुभ अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने सोशल मीडिया के माध्यम से देशवासियों को बधाई दी, इसी के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों को भाई दूज और भगवान चित्रगुप्त जी के पूजन दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए देशवासियों को इस पावन पर्व की बधाई दी। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि भाई दूज का यह पावन अवसर भाई-बहन के प्रगाढ़ संबंध, मिठास और आत्मीयता का प्रतीक है। उन्होंने इस शुभ अवसर पर सभी देशवासियों के जीवन में सुख और समृद्धि की कामना की।
सीएम योगी ने दी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भैया दूज और भगवान चित्रगुप्त जी के पूजन दिवस के अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी। भैया दूज पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए सीएम योगी ने माँ यमुना से प्रार्थना की कि यह पर्व सभी के जीवन में सुख-समृद्धि लाए और पारिवारिक रिश्तों में प्रेम तथा विश्वास को और अधिक मजबूत करे।
इसी के साथ सीएम ने समस्त प्राणियों के कर्मों का लेखा-जोखा रखने वाले और लेखनी के आराध्य देव भगवान चित्रगुप्त जी के पूजन दिवस पर सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को बधाई दी। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान चित्रगुप्त जी की कृपा से समाज में सत्य, न्याय और सदाचार का प्रकाश फैले तथा सभी में कर्तव्यनिष्ठा की भावना सुदृढ़ हो।
भाई दूज मनाने का समय और पौराणिक महत्व
भारतीय कालगणना के अनुसार, भाई दूज का त्योहार विक्रम संवत और शालिवाहन शक कैलेंडर के कार्तिक मास की शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि को मनाया जाता है। इस पर्व से जुड़ी पौराणिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन देवी यमुना ने अपने भाई यमराज को अपने घर भोजन पर आमंत्रित किया था। तब से भाई दूज का यह पर्व मनाया जाता है। ऐसा माना जाता है कि इस पावन दिन सभी जीवों को नरक की यातनाओं से मुक्ति मिली और उन्हें सुख एवं संपन्नता का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था।
यह भी पढ़ें: Bhai Dooj 2026: जानिए तिलक का शुभ मुहूर्त, महत्व और पूजा करने की पूरी विधि




