Gujarat: अहमदाबाद के यातायात को सुगम बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को 4.03 किलोमीटर लंबे ‘इस्कॉन-साणंद एलिवेटेड कॉरिडोर’ का उद्घाटन किया। 464 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह छह-लेन परियोजना सरखेज और गांधीनगर के बीच यातायात की सुगमता बढ़ाने और यात्रियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से निर्मित की गई है।
कॉरिडोर की मुख्य विशेषताएं:
–लागत और निर्माण: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा 464 करोड़ रुपये में निर्मित यह एलिवेटेड कॉरिडोर 26.8 मीटर चौड़ा है, जिसमें लगभग 2,940 मीटर लंबा वायाडक्ट और 1,090 मीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल हैं।
–जाम से राहत: नेशनल हाईवे 147 पर बना यह कॉरिडोर कर्णावती क्लब, प्रहलाद नगर और YMCA जैसे शहर के सबसे व्यस्त जंक्शनों से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही को आसान करेगा।
–समय और ईंधन की बचत: सीधी कनेक्टिविटी मिलने से लोगों का यात्रा समय घटेगा और गाड़ियों में ईंधन की खपत कम होगी।
–पर्यावरण व सुरक्षा इंतजाम: मार्ग पर शोर कम करने के लिए 5,880 मीटर लंबे हिस्से में ‘नॉइज़ बैरियर’ लगाए गए हैं। इसके अलावा 297 स्ट्रीट लाइटें, एडवांस्ड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम, एंटी-ग्लेयर व्यवस्था, कैंटिलीवर गैंट्री, सड़क सुरक्षा साइनबोर्ड और कैट्स आई रिफ्लेक्टर शामिल हैं।
–सर्विस रोड: एलिवेटेड ढांचे के अलावा यातायात सुचारू रखने के लिए 7 से 14 मीटर चौड़ी व्हाइट-टॉपिंग सर्विस रोड बनाई गई हैं।
उद्घाटन समारोह में प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शना वाघेला, अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट, विधायक अमित ठाकर और बाबूभाई पटेल उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त, अहमदाबाद नगर आयुक्त बंछानिधि पानी सहित नगर निगम के पदाधिकारी, स्थानीय पार्षद और सामाजिक-राजनीतिक नेता भी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: लखनऊ के दुबग्गा में कार और ई-रिक्शा की जोरदार भिड़ंत, एक व्यक्ति की जान गई, दो गंभीर रूप से घायल







