Lucknow Road Accident: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र के अंतर्गत रविवार रात एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। जहां एक अनियंत्रित कार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा ग्रीन लाइन हॉस्पिटल के सामने घटित हुआ।
दुबग्गा से काकोरी की ओर जा रहा था ई-रिक्शा
खबरों के मुताबिक, ई-रिक्शा दुबग्गा से काकोरी मार्ग की तरफ बढ़ रहा था। इसी दौरान काकोरी की दिशा से दुबग्गा की ओर आ रही एक कार ने सामने से ई-रिक्शा में तेज टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, कार चालक वाहन को बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा में सवार तीनों यात्री बुरी तरह घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी सूचना
हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाई। आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और मामले की सूचना पुलिस तथा एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही दुबग्गा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची गई। हालांकि इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए दोनों अन्य गंभीर रूप से घायलों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से ट्रॉमा सेंटर भिजवाया, जहां उनका इलाज जारी है। दुबग्गा पुलिस ने ई-रिक्शा चालक रकीब के परिजनों की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए कार के चालक अतुल कुमार रावत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच और कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ा रही है।
यह भी पढ़ें: दिवाली पर आगरा की जूता फैक्ट्री में लगी भीषण आग, कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया







