Asian Para Games 2026: नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को एक बेहद भावुक और खास नजारा देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जापान के आइची नागोया में आयोजित एशियन पैरा गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले भारतीय दल के खिलाड़ियों से संवाद किया।
PM Modi ने सभी एथलीट्स के संघर्ष, कड़ी मेहनत और उनके प्रेरणादायक सफर की जमकर सराहना की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने बेहद आत्मीय अंदाज में खिलाड़ियों का मुंह मीठा कराया, पीठ थपथपाई और उनका हौसला बढ़ाया। आइए जानते हैं इस खास मुलाकात और भारतीय खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि के बारे में।
‘हौसलों से होती है सबसे ऊंची उड़ान’
खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपने न केवल पदक जीते हैं, बल्कि अपनी मेहनत से करोड़ों देशवासियों का दिल भी जीता है। आपने यह साबित कर दिया है कि सबसे ऊंची उड़ान पंखों से नहीं, बल्कि मजबूत हौसलों से होती है।
बदलते भारत की खेल नीतियों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि एक समय था जब अंतरराष्ट्रीय खेलों में भारत की भागीदारी को महज एक औपचारिकता माना जाता था और पैरा गेम्स में तो देश काफी पीछे था। साल 2010 के एशियन पैरा गेम्स में भारत ने सिर्फ एक गोल्ड मेडल जीता था और कुल 14 मेडल ही देश के खाते में आए थे। लेकिन आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और भारत खेल जगत में एक बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है।
114 मेडल जीतकर भारत ने रचा नया इतिहास
इस बार भारतीय पैरा-एथलीटों ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर कुल 114 मेडल जीतकर एक असाधारण उपलब्धि हासिल की है। प्रतियोगिता में भारत ने 30 स्वर्ण (गोल्ड), 35 रजत (सिल्वर) और 49 कांस्य (ब्रॉन्ज) पदक अपने नाम किए। पीएम से मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों में भी भारी उत्साह दिखा। कुछ एथलीट्स ने पीएम मोदी से ऑटोग्राफ लिया तो किसी ने अपने मेडल दिखाए। यह मुलाकात देश के खेल भविष्य के लिए बेहद प्रेरणादायी साबित होगी।







