Kushinagar Car Accident : उत्तर प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। देर रात राज्य के अलग-अलग जिलों में हुए भीषण सड़क हादसों ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। कुशीनगर, बाराबंकी और मथुरा में हुए इन हादसों में दर्दनाक जान-माल का नुकसान हुआ है। अगर आप भी हाइवे पर सफर करते हैं, तो सुरक्षा से जुड़ी यह खबर आपको जरूर सतर्क करेगी। आइए जानते हैं आखिर क्या है पूरा मामला।
कार और ट्रेलर की भीषण भिड़ंत में 6 की जान गई
कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर थरुआडीह के पास एक बेहद दुखद घटना सामने आई। एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे परिवार की ओमनी कार और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और एक ही परिवार के 5 सदस्यों समेत कुल 6 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में घायल दो लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बाराबंकी में तेज रफ्तार SUV ने बाइक सवारों को रौंदा
उधर, बाराबंकी के रामसनेहीघाट इलाके में एक और दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। भंडारे में प्रसाद खाने जा रहे युवकों की दो मोटरसाइकिलों को एक तेज रफ्तार एसयूवी ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में तीन नौजवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने हाइवे पर जाम लगा दिया, जिसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाकर यातायात बहाल कराया।
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर तड़के 3 बजे के करीब ओवरटेकिंग के चक्कर में बड़ा हादसा हो गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक प्राइवेट बस ने कांच से भरे कैंटर को टक्कर मार दी, जिसके तुरंत बाद पीछे से आ रही एक अन्य बस भी कैंटर से जा टकराई। हादसे में कैंटर पलट गया और आधे दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। मौके पर पहुंची राहत टीम ने घायलों को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
यह भी पढ़ें: Azam Khan News: Rampur जेल से बाहर आते ही फिर गिरफ्तार, PMLA कोर्ट ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा







