Poland PM Donald Tusk India visit: भारत और अंतरराष्ट्रीय कूटनीति के मोर्चे पर एक बार फिर से रिश्तों की नई इबारत लिखी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पोलैंड (Poland) के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क (Donald Tusk) के बीच गुरुवार को राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक हैदराबाद हाउस में एक उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठक संपन्न हुई। इस मुलाकात के दौरान दोनों देशों के शीर्ष नेताओं ने आपसी संबंधों को और अधिक मजबूत करने के लिए कई अहम मुद्दों पर खुलकर चर्चा की। बैठक के बाद हुई साझा प्रेस वार्ता में PM Modi ने बताया कि दोनों देशों ने रक्षा, अंतरिक्ष और परमाणु ऊर्जा जैसे बेहद खास क्षेत्रों में अपने संबंधों को और ज्यादा प्रगाढ़ करने पर पूरी सहमति जताई है।
ऐतिहासिक रिश्तों और मानवता की साझी विरासत का जिक्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पोलैंड के प्रधानमंत्री का भारत की धरती पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। उन्होंने साल 2024 में अपनी खुद की पोलैंड यात्रा को याद करते हुए कहा कि वहां उन्हें और उनके प्रतिनिधिमंडल को जो आत्मीय स्वागत मिला था, वह बेहद यादगार था। उस यात्रा के दौरान दोनों देशों के रिश्तों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था, जो अब और मजबूत हो रहा है। पीएम ने भारत और पोलैंड की दोस्ती को सिर्फ कूटनीति तक सीमित न बताते हुए इसे मानवता और संवेदना की साझी विरासत करार दिया।
उन्होंने द्वितीय विश्व युद्ध के उस दौर को भी याद किया जब जामनगर और कोल्हापुर के राज परिवारों ने पोलैंड के हजारों बेघर बच्चों और परिवारों को अपने यहां शरण दी थी। आज भी पोलैंड के लोग उस एहसान को याद रखते हुए जाम साहब को ‘डोबरी महाराजा’ यानी अच्छे महाराज के रूप में सम्मान देते हैं।
आर्थिक साझेदारी और रणनीतिक क्षेत्रों में सहयोग पर जोर
बदलते वैश्विक परिदृश्य पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज पूरी दुनिया अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है, लेकिन भारत और पोलैंड दोनों ही ग्रोथ, टेक्नोलॉजी और इनोवेशन के नए केंद्रों के रूप में तेजी से उभर रहे हैं। पिछले साल पोलैंड की अर्थव्यवस्था ने 1 ट्रिलियन डॉलर का बड़ा आंकड़ा पार किया है, जबकि भारत की विकास दर भी लगातार मजबूत बनी हुई है। आने वाले समय में भारत और यूरोपीय यूनियन के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट लागू होने से निर्यात के नए रास्ते खुलेंगे।
इसके अलावा, बैठक में रक्षा, स्पेस और न्यूक्लियर एनर्जी जैसे महत्वपूर्ण रणनीतिक क्षेत्रों में पोलैंड की कंपनियों को भारत के साथ मिलकर को-डेलवपमेंट और को-प्रोडक्शन करने के लिए आमंत्रित किया गया है, जिससे दोनों देशों की साझी तरक्की का रास्ता साफ होगा।
यह भी पढ़ें: Amit Shah Birthday: PM Modi और केंद्रीय मंत्रियों ने दी बधाई, देश की सुरक्षा में उनके योगदान को सराहा