Unnao Baksa Kaand: उत्तर प्रदेश में अपराध के तरीके अब लोगों को चौंकाने लगे हैं। मेरठ के ‘ड्रम कांड’ की चर्चाएं अभी ठंडी भी नहीं हुई थीं कि अब उन्नाव जिले से एक दिल दहला देने वाला ‘बक्सा कांड’ सामने आ गया है। इस सनसनीखेज घटना ने हर किसी को हैरान कर दिया है। आरोप है कि एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या कर दी और शव को लोहे के बक्से में बंद करके रायबरेली-उन्नाव हाईवे के किनारे फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी पत्नी और उसके पड़ोसी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
हाईवे किनारे बक्से में मिला खून से लथपथ शव
यह पूरा मामला कोतवाली सदर क्षेत्र का है। 20 अक्टूबर 2026 की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रायबरेली-उन्नाव हाईवे पर हेल्थ अस्पताल के सामने एक बड़ा लोहे का संदिग्ध बक्सा रखा हुआ है। जब पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उस बक्से को खोला, तो उनके होश उड़ गए। अंदर चादर और कंबल में लिपटा एक शख्स का खून से लथपथ शव मिला, जिसकी पहचान सोनू के रूप में हुई। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज किया और मामले की तह तक जाने के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया।
CCTV फुटेज से खुला साजिश का राज
पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी और रास्तों की फुटेज खंगाली, तो एक ‘छोटा हाथी’ लोडर संदिग्ध हालत में दिखाई दिया। फुटेज में वह वाहन बक्सा लाकर वहां रखता हुआ नजर आया। गाड़ी के मालिक से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य आरोपी नेहा रावत तक पहुंच गई। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि नेहा के पति सोनू शराब पीने के आदी थे और रोज घर में कलह व मारपीट करते थे। इस रोज-रोज के क्लेश से परेशान होकर पत्नी ने अपने पड़ोसी जितेंद्र सिंह उर्फ राहुल के साथ मिलकर खौफनाक साजिश रची।
इस तरह दिया गया वारदात को अंजाम
जांच में खुलासा हुआ कि 19-20 अक्टूबर की रात नेहा ने अपने पड़ोसी के साथ मिलकर सोनू पर सिलबट्टे से वार किया और फिर कंबल से उसका मुंह दबाकर उसकी जान ले ली। इसके बाद आरोपियों ने बारह सौ रुपये देकर एक लोडर किराए पर लिया और शव को लोहे के बक्से में भरकर हाईवे किनारे फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल बट्टा, लोहे का बक्सा और लोडर बरामद कर लिया है। इस तरह पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली।
यह भी पढ़ें: Muzaffarnagar में चलती बाइक पर मोबाइल बैटरी फटने से दर्दनाक हादसा, युवक की मौत, 2 मासूम बच्चों ने खोया पिता