Train Fire Incident : रतलाम में पेट्रोल से भरी मालगाड़ी में लगी आग, कुछ मिनटों में बुझीं लपटें, टला बड़ा हादसा

Share This Article

Train Fire Incident : मध्य प्रदेश के रतलाम में पेट्रोल से भरी मालगाड़ी में आग लगने की घटना सामने आई है। दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर बजरंगगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी इस मालगाड़ी के एक टैंक वैगन के ऊपर आग की लपटें दिखाई दीं। मालगाड़ी में पेट्रोल भरा होने के कारण स्टेशन पर मौजूद कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि, राहत की बात रही कि कुछ ही मिनटों में आग अपने आप बुझ गई और बड़ा हादसा टल गया।

बजरंगगढ़ स्टेशन पर कैसे लगी आग?

जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8:30 बजे गोधरा से रतलाम आ रही पेट्रोल से भरी मालगाड़ी बजरंगगढ़ रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान एक टैंक वैगन के ऊपर आग की लपटें उठती दिखाई दीं। मालगाड़ी के सभी वैगन में पेट्रोल भरा हुआ था। ऐसे में आग लगने की खबर से रेलवे कर्मचारियों की चिंता बढ़ गई। बताया गया कि वैगन और ओवरहेड इलेक्ट्रिक (OHE) लाइन के बीच आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। घटना की सूचना तुरंत रेलवे कंट्रोल रूम को दी गई। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। हालांकि, राहत दल के पहुंचने से पहले ही कुछ मिनटों में आग बुझ गई।

यह मालगाड़ी पेट्रोल लेकर पुणे से रतलाम के पास बांगरोद स्थित इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) के डिपो की ओर जा रही थी। मालगाड़ी में ज्वलनशील ईंधन भरा होने के कारण इस घटना को गंभीरता से लिया गया। आग बुझने के बाद रेलवे की एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को गोधरा और रतलाम से रवाना किया गया। मालगाड़ी को मुख्य ट्रैक से हटाकर बजरंगगढ़ स्टेशन पर सुरक्षित खड़ा किया गया, ताकि तकनीकी जांच की जा सके।

रेलवे और इंडियन ऑयल की टीमें कर रहीं जांच

रतलाम रेल मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार ने बताया कि एक वैगन में आग लगने की सूचना मिली थी और कुछ ही मिनटों में आग बुझ गई थी। उन्होंने कहा कि आग लगने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। रेलवे और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के तकनीकी कर्मचारी वैगन और मालगाड़ी की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने और सुरक्षा संबंधी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ही मालगाड़ी को बांगरोद स्थित IOC डिपो के लिए रवाना किया जाएगा।

इस घटना से दो दिन पहले रतलाम रेल मंडल के बंजली रेलवे क्रॉसिंग पर एक पैसेंजर ट्रेन और कार की टक्कर की घटना भी सामने आई थी। इसके बाद मालगाड़ी में आग लगने की घटना ने रेलवे सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली-मुंबई रेल मार्ग पर बड़ी संख्या में यात्री ट्रेनें गुजरती हैं। ऐसे में पेट्रोल से भरी मालगाड़ी में आग का फैलना गंभीर स्थिति पैदा कर सकता था। गनीमत रही कि इस बार आग ने विकराल रूप नहीं लिया।

Read more : अयोध्या में कार्तिक पूर्णिमा मेले के लिए 150 बसों की तैयारी, श्रद्धालुओं को मिलेगी सुविधा

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted