ICC Cricket World Cup : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के आने वाले सबसे बड़े टूर्नामेंट को लेकर फैंस में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में शुरू हुई टिकट आवेदन प्रक्रिया को लेकर फैंस ने रिकॉर्ड तोड़ दिलचस्पी दिखाई है और महज कुछ ही दिनों में दुनियाभर से करोड़ों आवेदन आ चुके हैं।
दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया कर रहे हैं संयुक्त मेजबानी
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह 50 ओवर का शीर्ष टूर्नामेंट बेहद खास होने वाला है क्योंकि इसकी मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया मिलकर कर रहे हैं। इस मेगा टूर्नामेंट का आयोजन दो अक्टूबर से 21 नवंबर के बीच किया जाएगा। खास बात यह है कि पूरे 24 साल के लंबे अंतराल के बाद क्रिकेट विश्व कप एक बार फिर अफ्रीका की धरती पर लौट रहा है, जिसे लेकर वहां के लोगों और ग्लोबल फैंस में भारी उत्सुकता है।
142 देशों के फैंस ने दिखाए टिकट खरीदने में दिलचस्पी
आईसीसी द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के मुताबिक, टिकटों के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के शुरुआती दिनों में ही 142 देशों के प्रशंसकों ने करीब 44 लाख पंजीकरण कराए हैं। कुल मिलाकर टिकटों के लिए 1 करोड़ 50 लाख से भी ज्यादा आवेदन मिल चुके हैं, जो इस खेल की ग्लोबल लोकप्रियता को साफ तौर पर बयां करते हैं। प्रशंसक 21 नवंबर 2026 तक टिकटों के लिए अपना पंजीकरण करवा सकते हैं, जिसके ठीक एक साल बाद जोहानिसबर्ग के ऐतिहासिक वांडरर्स मैदान पर फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
फैंस का उत्साह बढ़ाने के लिए लगातार चल रहे हैं खास अभियान
आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता का कहना है कि टिकटों की यह भारी डिमांड इस बात का सबूत है कि लोग इस विश्व कप को लेकर कितने उत्साहित हैं। टूर्नामेंट शुरू होने में अभी एक साल का वक्त बाकी है और इस दौरान आईसीसी फैंस के जोश को और बढ़ाने के लिए कई तरह के विशेष अभियान और प्रचार कार्यक्रम चलाने की योजना बना रहा है, ताकि इस ऐतिहासिक आयोजन का रोमांच और ज्यादा बढ़ सके।
READ MORE : Varanasi News : सीएम योगी का वाराणसी दौरा आज, एयर शो की तैयारियों और विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा







