Vaishali Boat Accident: बिहार के वैशाली जिले में राघोपुर थाना क्षेत्र के पास नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। सभी बच्चे एक भोज में शामिल होने जा रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता की घोषणा की है। वहीं, बिहार सरकार ने भी पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये देने का ऐलान किया है।
हादसे में 13 बच्चों की मौत
मंगलवार की देर शाम वैशाली जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक नाव हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, एक छोटी नाव पर लगभग 15 से 20 बच्चे सवार होकर किसी भोज में जा रहे थे। रास्ते में नाव अचानक असंतुलित होकर गंगा नदी में पलट गई, जिससे सभी बच्चे पानी में डूब गए। हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
हादसे में 13 बच्चों की मौत हो गई, जिनकी पहचान मीरा कुमारी, निशु कुमारी, अनिशा कुमारी, सुनीता कुमारी, आर्यन कुमार, मोहन कुमार, अमृता कुमारी, अंकिता कुमारी, नमन कुमार, सिकी कुमारी, भोनू कुमारी, सोनम कुमारी और पिंकी कुमारी के रूप में हुई है।
वैशाली नाव हादसे में पीएम ने जताया शोक
वैशाली नाव हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के जरिए उन्होंने शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट करते हुए, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों को हरसंभव राहत और सहायता प्रदान कर रहा है। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) के माध्यम से मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए घोषित आर्थिक मदद का मुख्य उद्देश्य हादसे से प्रभावित परिवारों को राहत प्रदान करना है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का दो दिवसीय आंध्र प्रदेश दौरा, राष्ट्रीय सरस मेले का करेंगी उद्घाटन







