Meerut Road Accident: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के सरधना थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में ट्रक और टेंपो की टक्कर में 3 लोगों की जान चली गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर ही छोड़ कर फरार हो गया। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान दबथुवा गांव के निवासियों के रूप में की गई है।
हादसे में दबथुवा के 3 लोगों की मौत
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार के मुताबिक देर रात सरधना क्षेत्र के दबथुवा गांव से सड़क दुर्घटना की सूचना मिली, जिसके अनुसार गांव से सटरिंग का सामान भरे एक टेंपो जब राजमार्ग पर पहुंचा, तभी ट्रक से उसकी टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में दबथुवा गांव के सुशील, रमेश और अमर की मौके पर ही मौत हो गई। जिसके साथ ही टेंपो में सवार एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया, हालांकि उसकी हालात अब सामान्य है और वो खतरे से बाहर है।
फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस की टीम
पुलिस के अनुसार तीनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। वहीं हादसे के बाद फरार हुए ट्रक चालक को पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: Supreme court के दरवाजे सभी के लिए खुले’, विपक्ष से मुलाकात नहीं करने पर CJI जस्टिस Surya Kant ने बताई वजह



