Jantar-Mantar: राजधानी दिल्ली में धरना-प्रदर्शन को लेकर एक बड़ा बदलाव हुआ है। गृह मंत्रालय की सिफारिशों के बाद दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए जंतर-मंतर (Jantar-Mantar) को प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया है। इसका मतलब यह है कि अब जंतर-मंतर पर किसी भी तरह का धरना या विरोध प्रदर्शन आयोजित नहीं किया जा सकेगा।
गृह मंत्रालय की कमेटी का फैसला और नए स्थल
नागरिक अधिकारों और शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए एक उचित व्यवस्था बनाने के उद्देश्य से गृह मंत्रालय ने एक कमेटी का गठन किया था। इस कमेटी की सिफारिशों के आधार पर ही जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट साइट से डिनोटिफाई किया गया है। दिल्ली पुलिस ने आंदोलनकारियों के लिए तीन नई जगहें निर्धारित की हैं। अब किसी भी तरह के प्रदर्शन के लिए रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी (CBD) ग्राउंड (cbd ground) का इस्तेमाल किया जा सकेगा।
एसओपी और पुराने आदेश में बदलाव
दिल्ली पुलिस का कहना है कि इन तीनों नए स्थानों पर धरना-प्रदर्शन आयोजित करने के लिए जल्द ही विस्तृत एसओपी (SOP) जारी की जाएगी। यह कदम 28 अप्रैल 2022 को जारी किए गए पुराने आदेश में आंशिक संशोधन के तहत उठाया गया है। बीते सालों में जंतर-मंतर कई बड़े सामाजिक और राजनीतिक आंदोलनों का गवाह रहा है, लेकिन नई व्यवस्था लागू होने के बाद अब राजधानी में सभी प्रकार के धरने केवल तय किए गए नए मैदानों में ही होंगे।



