World Arthritis Day 2026: विश्व गठिया दिवस (World Arthritis Day) प्रतिवर्ष 12 अक्टूबर को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य गठिया, मांसपेशियों और हड्डियों से संबंधित बीमारियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। विश्व गठिया दिवस की स्थापना आर्थराइटिस एंड रूमेटिज्म इंटरनेशनल (Arthritis and Rheumatism International) द्वारा की गई थी, जिसका पहला आयोजन 12 अक्टूबर 1996 में हुआ था। जिसके बाद गठिया से संबंधित विभिन्न वैश्विक संगठन जागरूकता बढ़ाने, समुदायों को सहायता और पहुंच प्रदान करने के साथ-साथ मजबूत नीतियों की वकालत करने और अनुसंधान कार्यों के समर्थन करने के लिए इस मुहिम से जुड़े हैं।
विश्व गठिया दिवस (World Arthritis Day) 2026 की थीम
विश्व गठिया दिवस 2026 की थीम “अपने सपनों को साकार करें” रखी गई है। यह विषय गठिया और मांसपेशियों से जुड़ी बीमारियों का सामना कर रहे लोगों के लक्ष्यों, उम्मीदों और रोजमर्रा के इरादों को सम्मान प्रदान करता है। इसी के साथ उन जरूरी बदलावों और सहयोग की ओर ध्यान आकर्षित करता है, जो इन सपनों को पूरा करने के लिए जरूरी हैं। इसके अलावा, यह अभियान पीड़ित व्यक्तियों के लिए समय पर बीमारी की पहचान, बेहतर उपचार एवं देखभाल की सुविधा, सामाजिक समझ तथा समावेशी समर्थन के महत्व को रेखांकित करता है।
गठिया के दर्द से बचाव और मजबूत जोड़ों के लिए व्यायाम
गठिया में दर्द के डर से शारीरिक गतिविधियाँ बंद न करें। सही व्यायाम और फिजियोथेरेपी से दर्द में आराम मिलता है। अपनी क्षमता के अनुसार पैदल चलना, स्विमिंग और साइकिल चलाने से जोड़ सक्रिय रहते हैं। इसके अलावा, जोड़ों के आसपास की मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम भी बहुत लाभदायक होते हैं। हालांकि, तीव्र दर्द होने पर जबरन व्यायाम करने से बचें और हमेशा डॉक्टर से सलाह लें।
यह भी पढ़ें: अचानक बदली फिजा, तेज बारिश और ठंडी हवाओं से लुढ़का पारा, जानिए आने वाले दिनों का हाल



