Purvanchal Expressway Accident: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 79.6 के पास रविवार सुबह करीब 8:30 बजे हलियापुर थाना क्षेत्र में सेना के सूबेदार का शव ले जारी एंबुलेंस ट्रक से टकरा गई जिसमें चालक समेंत 4 लोगों की मौत हो गई। एंबुलेंस पंचकूला कमांड हॉस्पिटल, चंडीगढ़ से देवरिया जिले में रुद्रपुर निवासी सूबेदार सत्यवान सिंह का शव लेकर जा रही थी।
अज्ञात वाहन से टक्कर में एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी
खबरो के अनुसार, चंडीगढ़ के पंचकूला कमांड हॉस्पिटल से सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर एंबुलेंस से देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के गलिया दुधैला गांव में उनके पैतृक घर ले जाया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक जब एंबुलेस हलियापुर क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पहुंची, तभी उसकी टक्कर एक अज्ञात वाहन से हो गई, जिसके बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे ट्रक में जा घुसी। जोरदार टक्कर से एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसमें चालक समेत 4 लोगों की मौत हो गई।
टक्कर में चालक समेत चार लोगों की मौत
रविवार को सेना के सूबेदार का शव ले जा रही एंबुलेंस की अज्ञात वाहन से टक्कर में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी, जिसमें सूबेदार के बेटे गौरव सिंह और ड्राइवर जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई, जिसके साथ ही हादसे में गंभीर रूप से घायल भाई राजन और भतीजे राम समुझ को इलाज के लिए अयोध्या के कुमारगंज स्थित सैय्या अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
सीएम योगी ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति जताया दुख
सुल्तानपुर के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिवार के प्रति दुख जताया है। सीएम ने अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत का कार्य तेज करने, साथ ही मृतकों के परिवारों से बात कर उन्हें हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए।
हालांकि पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है, साथ ही अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है, जिसमें पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: होमगार्ड भर्ती का फाइनल रिजल्ट घोषित, 41,424 उम्मीदवारों का हुआ चयन

