Seema Kumari Asian Games 2026: जापान के मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में चल रहे एशियन गेम्स 2026 (Asian Games 2026) में भारतीय एथलीटों का बेहतरीन प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। गुरुवार को महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले में भारतीय धावक सीमा कुमारी (Seema Kumari) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक (Bronze medal) अपने नाम किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने इस इवेंट में भारत का 16 साल पुराना मेडल का सूखा समाप्त कर दिया।
कांस्य पदक के साथ भारत का नाम किया रोशन
सीमा ने 32 मिनट 50.05 सेकंड का समय निकालकर तीसरा स्थान हासिल किया। इस दौड़ का स्वर्ण पदक बहरीन की विनफ्रेड यावी (32:39.18) ने जीता, जबकि जापान की नोजोमी तनाका (32:41.54) ने रजत पदक पर कब्जा किया। सीमा अब एशियन गेम्स में इस स्पर्धा में पदक जीतने वाली तीसरी भारतीय महिला बन गई हैं। इससे पहले 2010 में प्रीजा श्रीधरन और कविता राउत ने पदक जीते थे।
शुरुआती बढ़त और शानदार वापसी
दौड़ की शुरुआत में सीमा काफी आक्रामक नजर आईं और पहले 2,000 मीटर तक बढ़त बनाए रखी। उन्होंने पहला 1,000 मीटर 3:18.12 सेकंड में पूरा किया और 2,000 मीटर का मार्क 6:36.13 सेकंड में पार किया। भले ही धीरे-धीरे सीमा चौथे स्थान पर खिसक गईं, लेकिन आगे चल रहीं रनर्स के काफी करीब बनी रहीं। जब 1,000 मीटर दौड़ शेष थी, तब वह वापस तीसरे स्थान पर आ गईं और फाइनल स्टेज में अपनी स्थिति बनाए रखते हुए ब्रॉन्ज मेडल पक्का किया। सीमा बहरीन की विनफ्रेड यावी से 10.87 सेकंड पीछे रहीं, जबकि कजाकिस्तान की डेजी जेपकेमेई (33:03.21 सेकंड) के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं।
यह भी पढ़ें: Asian Games 2026 Indian Shooting Team: Skeet mixed event में परिनाज और अनंतजीत ने जीता कांस्य पदक

