PM Modi 25 Years : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष के ऐतिहासिक सार्वजनिक जीवन को पूरे होने के अवसर पर उत्तर प्रदेश में बड़े स्तर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को हर नागरिक तक पहुंचाना और सीधे जनता से संवाद स्थापित करना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 7 अक्टूबर को 25 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा साझा की है।
हर गांव और शहर तक पहुंचेगा अभियान
सीएम योगी के अनुसार, इस अभियान को प्रदेश की हर ग्राम पंचायत, नगर निकाय, विकासखंड और जिला स्तर पर ले जाने की तैयारी की गई है। भारतीय जनता पार्टी के मंत्री, विधायक और कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाएंगे और लाभार्थियों से संवाद करेंगे। स्थानीय स्तर पर विशेष कार्ययोजना तैयार कर जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि विकास कार्यों की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।
गरीब कल्याण और युवाओं पर विशेष ध्यान
इस अभियान में जनधन खातों और डीबीटी (DBT) के जरिए सीधे खातों में पहुंची सहायता, पीएम आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और मुफ्त राशन जैसी गरीब कल्याणकारी योजनाओं का प्रमुखता से उल्लेख किया जाएगा। इसके अलावा, युवाओं को केवल नौकरी मांगने वाला (जॉब सीकर) नहीं बल्कि नौकरी देने वाला (जॉब क्रिएटर) बनाने के प्रधानमंत्री के विजन को आगे बढ़ाने के लिए स्टार्टअप इंडिया, इनोवेशन और रिसर्च से जुड़ी युवाओं की टोली को भी आयोजनों में शामिल किया जाएगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर और स्वास्थ्य सेवाओं में बदलाव
अभियान के दौरान पीएम मोदी के कार्यकाल में देश भर में हुए आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे हाईवे, एक्सप्रेसवे, वंदे भारत ट्रेन, मेट्रो और एयरपोर्ट्स के विस्तार को रेखांकित किया जाएगा। इसके साथ ही कोविड महामारी के समय वैक्सीन निर्माण से लेकर देश भर में नए एम्स, आईआईटी और आईआईएम के नेटवर्क के विस्तार को सरकार की बड़ी उपलब्धि के रूप में जनता के सामने रखा जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान को महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय और डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों से जोड़ा जाएगा। 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती से शुरू होकर अलग-अलग थीम आधारित कार्यक्रमों और पदयात्राओं के माध्यम से कार्यकर्ता गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं से सीधे संवाद स्थापित करेंगे।
यह भी पढ़ें: BRICS Summit : दिल्ली में 18वां BRICS शिखर सम्मेलन शुरू, भारत की मेजबानी में जुटे वैश्विक नेता







