Earthquake : बुधवार की सुबह-सुबह एक बार फिर कुदरत की हलचल देखने को मिली है। अफगानिस्तान और भारत के केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। जब लोग अपने दिन की शुरुआत कर रहे थे, तभी अचानक धरती हिलने से कुछ इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत यह रही कि अभी तक इन झटकों से किसी बड़े नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
अफगानिस्तान में भूकंप
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार सुबह 10:01 बजे अफगानिस्तान में भूकंप के झटके दर्ज किए गए। रिक्टर पैमाने पर इस भूकंप की तीव्रता 4.2 मापी गई। वैज्ञानिकों ने बताया कि इसका केंद्र जमीन से करीब 125 किलोमीटर की गहराई में था।
आपको बता दें कि यह कोई पहली बार नहीं है, इससे पहले भी 7 सितंबर को अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। राहत की बात यह है कि इतनी गहराई होने की वजह से जान-माल का कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है।
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में भी हिली धरती
अफगानिस्तान के अलावा भारत के जम्मू-कश्मीर में भी बुधवार तड़के भूकंप के झटके महसूस किए गए। किश्तवाड़ इलाके में सुबह 5:40 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 3.2 दर्ज की गई। इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे था। हालांकि तीव्रता कम होने की वजह से लोग बड़े खतरे से बच गए, लेकिन सुबह-सुबह झटके महसूस होते ही कई लोग अपने घरों से बाहर निकल आए।
पाकिस्तान में भी महसूस किए गए झटके
पड़ोसी देश पाकिस्तान भी इन झटकों से अछूता नहीं रहा। वहां भी बुधवार सुबह ही 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। पिछले कुछ दिनों से एशियाई महाद्वीप के इस हिस्से में लगातार आ रहे भूकंप के झटके वैज्ञानिकों के लिए भी चिंता का विषय बने हुए हैं।
READ MORE : Hanuman Ansh : ‘हनुमान अंश’ की टीम ने CM योगी से की मुलाकात, फिल्म के खास अंश दिखाए







