Ghaziabad News : गाजियाबाद में टेक्नोलॉजी का गलत इस्तेमाल करके करोड़ों का चूना लगाने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। गाजियाबाद पुलिस, स्वाट टीम और अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने मिलकर एक ऐसे गिरोह के चार सदस्यों को दबोचा है, जो धर्मकांटे में धांधली करके सरिया चुराते थे। पुलिस ने इनके पास से करीब 41.78 टन चोरी का सरिया और एक भारी भरकम ट्रक बरामद किया है।
धर्मकांटे में चिप और रिमोट से करते थे हेराफेरी
इस गिरोह के काम करने का तरीका देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपी कंप्यूटरीकृत धर्मकांटे में एक इलेक्ट्रॉनिक चिप फिट कर देते थे। जब भी सरिया से लदा ट्रक वजन के लिए आता, तो ये लोग दूर से ही रिमोट दबाकर वजन में फेरबदल कर देते थे। वजन कम दिखाकर ये ट्रक से कई टन सरिया चुरा लेते थे और किसी को शक भी नहीं होता था। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी लंबे समय से इस धंधे में शामिल थे और गिरोह के कुछ सदस्य पहले भी जेल जा चुके हैं।
गोदाम में उतारा जाता था चोरी का सरिया
पुलिस पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का सरिया नैथली बारापत स्थित एक गोदाम में उतारते थे। यह गोदाम विशेष रूप से चोरी का माल छिपाने के लिए बनाया गया था। जब ट्रक से सरिया उतार लिया जाता था, तो वहां दूसरी गाड़ी भेजकर माल को अलग-अलग ठिकानों पर खपा दिया जाता था। इस अवैध काम से गिरोह मोटा मुनाफा कमाता था और काम करने वाले मजदूरों को भी आम मजदूरी से ज्यादा पैसे दिए जाते थे।
पुलिस की बड़ी कार्रवाई और आगे की जांच
स्वाट टीम और कविनगर पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी करके मुसर्रफ, ओसामा, ईमरान और प्रशांत नाम के चार आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से NL01AH7968 नंबर का ट्रक और 41,780 किलोग्राम सरिया बरामद किया गया है। पुलिस अब गिरोह के बाकी फरार साथियों की तलाश कर रही है और इनके पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
Read More : अयोध्या से राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी समेत बड़े नेताओं को भेजी जाएगी खास राखी | DD News UP







