PM Modi Secretaries Meeting : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर केंद्र सरकार के सचिवों के साथ एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की। यह इस श्रृंखला की तीसरी बैठक थी, जिसमें सुरक्षा, विदेश नीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और गवर्नेंस से जुड़े मंत्रालयों के भविष्य के एजेंडे पर विस्तृत चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने अधिकारियों को तात्कालिक आंकड़ों और चुनौतियों से आगे बढ़कर दीर्घकालिक सोच के साथ काम करने का निर्देश दिया।
सरकारी विभागों से साइलो कल्चर खत्म करने का आह्वान
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने विभिन्न सरकारी विभागों के बीच अलग-अलग काम करने की प्रवृत्ति यानी ‘साइलो’ को समाप्त करने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक व्यवस्था की नहीं, बल्कि सोच की समस्या है। कोविड-19 महामारी और पश्चिम एशिया संकट का उदाहरण देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जब सभी विभाग ‘संपूर्ण सरकार’ की भावना के साथ मिलकर काम करते हैं, तो नतीजे बेहद प्रभावी और दूरगामी आते हैं।
डेटा को बताया राष्ट्रीय संपत्ति और AI के सही उपयोग की दी सलाह
प्रधानमंत्री ने डेटा को भविष्य की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय संपत्ति करार दिया। उन्होंने कहा कि अलग-अलग विभागों के डेटा सिस्टम को आपस में जोड़कर इसका बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि AI की क्षमता का पूरा लाभ उठाया जाए, लेकिन प्रशासनिक फैसलों में मानवीय हस्तक्षेप और अनुभव का बना रहना भी उतना ही अनिवार्य है। इसके साथ ही उन्होंने युवाओं और विश्वविद्यालयों को नीति-निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने का सुझाव दिया। देश के रक्षा उद्योग को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए नए आधुनिक कोर्स शुरू करने और बेहतर मानव संसाधन तैयार करने पर सहमति बनी। वहीं, समुद्री क्षेत्र को मजबूत करने और जहाज निर्माण को मिशन मोड में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए। अंत में, पीएम मोदी ने वरिष्ठ अफसरों को जूनियर अधिकारियों के साथ अनौपचारिक संवाद बढ़ाने और मजबूत टीम स्पिरिट के साथ काम करने की सलाह दी।
READ MORE : Gorakhpur station पर 38 मिनट खड़ी रही Vaishali Express! गार्ड की टूटी कुर्सी बनी train के रुकने की वजह | DD News UP







