हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप: मस्कट में खेले गए FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने कमाल का प्रदर्शन किया। 25 जुलाई को हुए इस ब्लॉकबस्टर मुकाबले में टीम इंडिया ने अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से मात देकर शानदार अंदाज में खिताब अपने नाम कर लिया। मैच की शुरुआत से ही भारतीय खिलाड़ियों ने अपना दबदबा बनाए रखा और पहले 13 मिनट के अंदर ही 3 गोल दाग दिए। आइए जानते हैं इस ऐतिहासिक जीत की पूरी कहानी।
रोमित, केतन और शाहरुख ने किया कमाल
फाइनल मैच की शुरुआत भारतीय टीम के लिए बहुत ही धमाकेदार रही। खेल के 5वें मिनट में ही रोमित पाल ने गोल करके भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट और शाहरुख अली ने 13वें मिनट में शानदार गोल दागे। महज 13 मिनट में 3-0 की बढ़त हासिल करने के बाद पाकिस्तानी टीम दबाव में आ गई। हालांकि पाकिस्तान के मोहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एक गोल किया, लेकिन भारतीय डिफेंस ने इसके बाद उन्हें वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
यूथ हॉकी वर्ल्ड कप के लिए किया क्वालीफाई
इस जीत के साथ ही भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम एलीट पूल टेबल पर शीर्ष पर रही। टूर्नामेंट में भारतीय टीम का प्रदर्शन शुरू से ही काफी दबदबे वाला रहा। फाइनल से पहले भी भारत ने ग्रुप स्टेज में पाकिस्तान को 7-3 के बड़े अंतर से हराया था, जिससे टीम का हौसला बढ़ा हुआ था। फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों टीमों ने आगामी FIH यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी आधिकारिक तौर पर अपनी जगह पक्की कर ली है।
हॉकी इंडिया नकद पुरस्कार का ऐलान
खिताब जीतने के बाद हॉकी इंडिया ने विजेता पुरुष टीम के लिए नकद इनाम की घोषणा की। टीम के हर खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रतियोगिता के फाइनल में चीन से 4-2 से हारकर उपविजेता रही भारतीय महिला सब-जूनियर टीम का भी हौसला बढ़ाया गया। महिला टीम की हर खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 50-50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी।
मस्कट में भारतीय युवा हॉकी खिलाड़ियों की यह जीत बेहद खास है। पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मुकाबले में मिली इस शानदार जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि भारत में हॉकी का भविष्य बेहद सुरक्षित और उज्ज्वल है। अब सभी प्रशंसकों की निगाहें यूथ हॉकी वर्ल्ड कप पर होंगी, जहां हमारी युवा टीम से ऐसे ही शानदार प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।
करगिल विजय दिवस: भारतीय सेना के शौर्य, त्याग और ‘ऑपरेशन विजय’ की अमर गाथा







